पश्चिमी विक्षोभ बढ़े, इसलिए हिमालय में हो रही ज्यादा बारिश
देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। जलवायु विशेषज्ञ डॉ.माधवन नायर राजीवन का कहना है कि हाल के वर्षों पश्चिमी विक्षोभ बढ़े, इसलिए हिमालय में हो रही ज्यादा बारिश

जलवायु विशेषज्ञ डॉ.माधवन नायर राजीवन का कहना है कि हाल के वर्षों में पश्चिमी विक्षोभ अधिक बार आ रहे हैं और अक्सर मानसून प्रणाली के साथ मिल रहे हैं। इससे हिमालय में तीव्र वर्षा हो रही है। वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान में मंगलवार को हिमालय दिवस पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव और वर्तमान में अटरिया विवि के कुलपति डॉ. माधवन नायर राजीवन ने हिमालय पर मानसूनी मौसम की चरम स्थितियों की गतिशीलता पर व्याख्यान दिया। डॉ. माधवन ने आगाह किया कि आने वाले वर्षों में, ऐसी अत्यधिक वर्षा की घटनाओं की आवृत्ति और परिमाण दोनों में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे इस क्षेत्र में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाएगा।
इन खतरों को कम करने के लिए, उन्होंने पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने, मौसम वैधशालाओं को बेहतर बनाने और हिमालय में स्वचालित मौसम केंद्रों की स्थापना का विस्तार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वाडिया के निदेशक डॉ.विनीत के.गहलोत ने हिमालयी आपदाओं पर चिंता जताते हुए नियोजित वैज्ञानिक प्रबंधन, आपदा न्यूनीकरण और प्राकृतिक संकेतों को समझने की प्रणाली को मजबूत करने की सलाह दी। मौके पर संस्थान के अनेक वैज्ञानिक आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




