
विवाहिता से मारपीट के मामले में पति, सास व ससुर पर केस
लक्सर में एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर मायके के पास छोड़ दिया। विवाहिता ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शादी के बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्सर। दहेज में नकद 1 लाख रूपये लाने की मांग पूरी न होने से नाराज ससुरा वालों ने शादी के 8 महीने बाद ही विवाहिता के साथ मारपीट कर और उसे उसके मायके के पास छोड़कर भाग गए। विवाहिता ने अपने पति, सास व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसी साल फरवरी में डौसनी, लक्सर के नीटू की बेटी प्रीति की शादी ग्राम ख़ुजनावर थाना फतेहपुर छुटमलपुर जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश में आशीष पुत्र सुरेन्द्र के साथ हुई थी। प्रीति के मुताबिक शादी के बाद से ही उसकी ससुराल के लोग कम दहेज लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
साथ ही मायके से 1 लाख रूपये की नकदी लाने की मांग कर रहे थे। प्रीति ने मायके वालों को बताया तो उन्होंने आर्थिक स्थिति का हवाला देकर रकम का इंतजाम करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि इस पर ससुरा वालों ने 5 नवंबर को प्रीति के साथ मारपीट की। उसके शरीर को लोहे की गर्म सलाखों से दागकर एक कमरे में बंद कर दिया। बाद में वे उसे लेकर लक्सर पहुंचे और मायके के पास रजवाहे के पुल पर छोड़कर भाग गए। वहां से घर पहुंची प्रीति ने पूरी बात परिजनों को बताई। उन्होंने उसकी ससुराल वालों से बात की पर वे नहीं माने। बाद में वे प्रीति के साथ पुलिस उपाधीक्षक लक्सर नताशा सिंह से मिले और घटना की तहरीर दी। सीओ ने लक्सर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि प्रीति की शिकायत पर उसके पति आशीष कुमार, ससुर सुरेंद्र सिंह व सास सविता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




