स्कूटर से विधानसभा आने वाले भाजपा विधायक मगनलाल शाह का निधन
उत्तराखड में चमोली जिले की थराली आरक्षित सीट के विधायक मगन लाल शाह का निधन हो गया। 55 वर्षीय शाह को निमोनिया बिगड़ने के बाद हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक मगनलाल शाह अपनी सादगी के लिए...

उत्तराखड में चमोली जिले की थराली आरक्षित सीट के विधायक मगन लाल शाह का निधन हो गया। 55 वर्षीय शाह को निमोनिया बिगड़ने के बाद हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक मगनलाल शाह अपनी सादगी के लिए लोकप्रिय थे। वह कई बार विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए स्कूटी पर ही पहुंच जाते थे। उनकी इसी सादगी के चलते उनकी छवि लोकप्रिय नेता के रूप में थी।
हिमालयन अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी मुकेश ममगाईं ने बताया कि विधायक मगन लाल शाह को 19 फरवरी को सांस में तकलीफ, फेफड़ों में इन्फेक्शन और निमोनिया की शिकायत के बाद सरकारी हेलीकाप्टर से जौलीग्रांट लाया गया था। तभी से यहां के डॉक्टर उनके उपचार में जुटे हुए थे। 22 फरवरी को हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें अन्यत्र रेफर भी नहीं किया जा सका। डॉक्टरों ने बताया कि रविवार रात साढ़े दस बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि आईसीयू में दो अटैक पड़ने के बाद उनका निधन हुआ।
शाह चमोली जिले की थराली सुरक्षित सीट से बतौर भाजपा प्रत्याशी विधानसभा का चुनाव जीते। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोमवार सुबह विधायक मगन लाल का शव कर्णप्रयाग पहुंच गया है। यहां बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग पहुंचे हैं। सीएम भी कर्णप्रयाग पहुंचकर विधायक मगन लाल के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देंगे। वहीं सोमवार को सीएम आवास आयोजित होली मिलन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
पत्नी मुन्नी देवी जिला पंचायत अध्यक्ष हैं
मगन लाल शाह चमोली जिले के नलगांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी मुन्नी देवी चमोली जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। 2017 के चुनाव में थराली सीट से बतौर भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज करने वाले मगन लाल पहली बार विधानसभा पहुंचे। इससे पहले वे चमोली जिले के नारायणबगड़ ब्लॉक के प्रमुख भी रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


