Dehradun News: स्पा सेंटर में तोड़फोड़, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप
Dehradun News: हरिद्वार में सिडकुल थाना क्षेत्र के पेंटागन मॉल स्थित स्पा सेंटर में बजरंग दल से जुड़े 25-30 लोग घुसकर तोड़फोड़ और महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगाया गया है। संचालिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। सीसीटीवी में घटना कैद हुई है।

Dehradun News: हरिद्वार।सिडकुल थाना क्षेत्र के पेंटागन मॉल में संचालित स्पा सेंटर में बजरंग दल से जुड़े लोगों समेत करीब 25-30 लोगों के भीतर घुस कर तोड़फोड़ करने और महिलाओं से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। स्पा सेंटर संचालिका ने मामले में पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर संचालिका ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि बीती चार अक्टूबर को दोपहर के समय बजरंग दल से जुड़े लोगों समेत करीब 25-30 लोग सेंटर के बाहर पहुंचे। मौके पर लोगों की भीड़ दरवाजा खोलने के लिए हंगामा करने लगी।
आरोप है कि सेंटर का दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपियों ने लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गाली-गलौज करते हुए केबिनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपियों ने सेंटर पर मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि महिलाओं को केबिनों से बाहर खींचकर लाया गया। संचालिका ने आरोप लगाया कि भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने उसके बाल खींचकर जमीन पर घसीटा। शिकायत में महिलाओं को बदनाम करने की नीयत से मोबाइल में वीडियो बनाने और आपत्तिजनक सामग्री रखने का भी आरोप लगाया गया है। संचालिका का दावा है कि घटना के दौरान सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। हंगामे में बाद आरोपी संचालिका धमकी दे कर चले गए। वहीं एसओ अजय शाह ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

