पौड़ी के त्रिपालीसैंण में शिविर में महिलाओं को किया जागरूक
पौड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिपालीसैंण में जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया गया और मातृ सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। सीएमओ ने अस्पतालों का निरीक्षण कर बेहतर सुविधाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पौड़ी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिपालीसैंण में जागरुकता शिविर का आयोजन हुआ। संस्थागत प्रसवों के इजाफे पर जोर दिया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करते हुए मातृ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। सीएमओ ने इसके बाद दो अस्पतालों का भी निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाएं ठीक करने के लिए भी संबंधित चिकित्सकों को निर्देश दिए। सीएमओ पौड़ी डॉ एसएम शुक्ला ने गर्भवती महिलाओं को एनीमिया से बचाव के लिए संतुलित आहार लेने, आयरन व कैल्शियम की गोलियों का नियमित सेवन करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। इस दौरान 23 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।
त्रिपालीसैंण में प्रसव केंद्र स्थापित किए जाने को लेकर निर्माणाधीन पीएचसी टाइप-बी भवन का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को 30 अप्रैल तक निर्माण पूरा कर भवन हैंडओवर किए जाने को भी कहा। सीएमओ ने कहा कि अभी क्षेत्र में गृह प्रसव की संख्या अधिक है, ऐसे में प्रसव केंद्र बनने से गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलेगा। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी के प्रसव कक्षों का निरीक्षण कर यहां आवश्यक उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित चिकित्सकों को दिए। इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशबू खत्री, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता रावत, डॉ. अंकित धवन, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


