Dehradun News: हरिद्वार में युवती को रास्ते में रोककर अपहरण की कोशिश का आरोप, केस दर्ज
Dehradun News: हरिद्वार में ड्यूटी पर जा रही युवती के साथ चार युवकों ने छेड़छाड़, मारपीट और अपहरण का प्रयास किया। आरोपी हिमांशु ने युवती को डंडे, बेल्ट और चाकू दिखाकर डराया और उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया है।

Dehradun News: हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रही युवती को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़छाड़, मारपीट और अपहरण का प्रयास करने का मामला सामने आया है। युवती ने पड़ोस के एक युवक समेत चार लोगों पर डंडे, बेल्ट, फट्टे और चाकू दिखाकर धमकाने, जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने और गलत काम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सिडकुल क्षेत्र की निवासी एक युवती ने शिकायत कर बताया कि वह क्षेत्र की एक फैक्ट्री में नौकरी करती है और हेत्तमपुर में किराये पर रहती है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला हिमांशु नाम का युवक उसको आए दिन परेशान करता था और अश्लील इशारे एवं टिप्पणियां करता था। युवती के विरोध के बावजूद वह हरकतों से बाज नहीं आ रहा था.
घटना का विवरण
युवती के अनुसार दो अप्रैल 2026 को सुबह वह ड्यूटी के लिए घर से निकली थी। घर से करीब 20-25 मीटर दूर सड़क पर हिमांशु तीन अन्य युवकों के साथ मिला। आरोप है कि सभी ने डंडे, बेल्ट, फट्टे और चाकू दिखाकर उसे रोक लिया। हिमांशु उसका हाथ पकड़कर जबरन अपने घर ले जाने लगा और उसके साथ गलत काम करने की धमकी दी। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की गई। शोर सुनकर ईशु कांबोज, युवती की बहन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया गया है कि हिमांशु ने लोहे की सरिया से ईशु कांबोज के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


