Dehradun News: बच्चों और बुजुर्गों के फेफडों की आसानी से होगी जांच
Dehradun News: फोटो देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के छाती एवं श्वास रोग विभाग में

Dehradun News: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के छाती एवं श्वास रोग विभाग में फेफड़ों की एडवांस जांच के लिए इम्पल्स ऑसिलोमेट्री और बॉडी बॉक्स मशीन शुरू की गई हैं। इनसे फेफड़ों की कार्यक्षमता और वायु प्रवाह का सूक्ष्म विश्लेषण किया जा सकेगा। खास बात यह है कि इम्पल्स ऑसिलोमेट्री से छह साल से कम उम्र के बच्चों, बुजुर्गों और ऐसे मरीजों की भी जांच हो सकेगी, जो सामान्य स्पाइरोमेट्री नहीं करा पाते। गुरुवार को श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र वर्मा और विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीश रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा का शुभारंभ किया।
डॉ. जगदीश रावत ने बताया कि इम्पल्स ऑसिलोमेट्री में मरीज को सामान्य रूप से सांस लेनी होती है। इससे अस्थमा, सीओपीडी, एलर्जी और स्मॉल एयरवे डिजीज जैसी बीमारियों में सूक्ष्म बदलावों का पता लगाया जा सकता है। वहीं बॉडी बॉक्स से फेफड़ों की कुल क्षमता, अवशिष्ट वायु और वायु प्रवाह का विस्तृत आकलन होता है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से जटिल श्वास रोगों का स्थानीय स्तर पर अधिक सटीक और समयबद्ध निदान संभव होगा।

