दो बस से घर लौटे मिजोरम के 56 छात्र
दो महीने से अधिक समय से फंसे मिजोरम के 56 लोगों को लेकर मंगलवार को देहरादून से दो बसें रवाना हुई। दोनों बसें मिजोरम की सीमा पर लोगों को छोड़कर वापस...

दो महीने से अधिक समय से फंसे मिजोरम के 56 लोगों को लेकर मंगलवार को देहरादून से दो बसें रवाना हुई। दोनों बसें मिजोरम की सीमा पर लोगों को छोड़कर वापस आएंगी।
देहरादून के विभिन्न इंस्टीट्यूटों में मिजोरम के छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। मगर 22 मार्च के बाद लगे लॉकडाउन के कारण सभी छात्र-छात्राएं देहरादून में ही फंस गए थे। मिजोरम वेलफेयर एसोसिएशन ने देहरादून में फंसे हुए लोगों को घर पहुंचाने की पहल की। मंगलवार को घंटाघर से दो बसों के माध्यम से मिजोरम के 56 लोगों को घर भेजा गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष वनलाल रातके ने बताया कि इसमें 45 छात्र-छात्राएं और 11 प्रवासी लोग हैं। प्रवासी लोग हरिद्वार में काम करते थे। घर भेजने से पहले सभी लोगों का मेडिकल जांच भी करायी गई थी। वहीं बसों को मिजोरम पहुंचने में तीन दिन का समय लगेगा। बस चालक राजवीर ने बताया कि मिजोरम बॉर्डर तक उनको छोड़ने की बात कही गई है। देहरादून से वहां की दूरी करीब 2500 किमी है और तीन दिन का समय वहां पहुंचने में लगेगा।
