मिलिए 113 साल की दादी अम्मा से, जो आज तक कभी नहीं गईं अस्पताल
दुनिया की सबसे उम्रदराज महिलाओं में से एक रानीपोखरी (डोईवाला) के भोगपुर की रतनदेई 113 साल की हो गई हैं। आज उनका जन्मदिन घर पर उत्सव की तरह मनाया गया। इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष...
दुनिया की सबसे उम्रदराज महिलाओं में से एक रानीपोखरी (डोईवाला) के भोगपुर की रतनदेई 113 साल की हो गई हैं। आज उनका जन्मदिन घर पर उत्सव की तरह मनाया गया। इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सपरिवार रतनदेई के घर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
भोगपुर की रतनदेई को उनके परिजन धूमधाम से मनाते हैं। रतनदेई के बेटे 82 साल के हैं। जबकि बहू 80 साल की हैं। चार पौते हैं और 10 परपौते। इन सबने मिलकर रतनदेई के जन्मदिन को उत्सव की तरह मनाया। परिजनों ने बताया कि अपने पूरे 113 वर्ष के जीवन में रतनदेई अब तक कभी अस्पताल नहीं गईं। इस उम्र में भी वह चलने के लिए किसी लाठी का सहारा नहीं लेती। न ही देखने के लिए चश्मा पहनती हैं और न ही अपने काम करने के लिए किसी परिजन की मदद लेती हैं।
आप ये जानकार चौंक जाएंगे कि रतनदेई 113 वर्ष की उम्र में भी बिना किसी सहारे के खुद ही सीढियों पर चढ़ती-उतरती हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने रतनदेई को पुष्पगुच्छ भेंट किया। साथ ही उपहार स्वरूप राधाकृष्णन का चित्र भी भेंट किया। इस मौके पर प्रेमचंद अग्रवाल ने परिवार को शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे प्रदेश में भी 113 साल की उम्रदराज़ महिला स्वस्थ रूप से अपना जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि युवापीढ़ी को रतनदेई की दिनचार्या से सीख लेनी चाहिए।