
मंत्री पति बोले-25000 में मिल जाती हैं शादी के लिए लड़कियां, बयान से बढ़ा विवाद
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह शादी के लिए युवतियों की उपलब्धता पर टिप्पणी कर रहे हैं; हालांकि उन्होंने वीडियो को फर्जी बताया है।
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू अपने एक वीडियो की वजह से गुरुवार को चर्चा का केंद्र बन गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में वो एक राज्य में विवाह के लिए 20 से 25 हजार रुपए खर्च में युवतियां उपलब्ध होने की बात कहते दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह वीडियो 23 दिसंबर 2025 को अल्मोड़ा में स्याही देवी मंडल की बैठक का बताया जा रहा है। हालांकि हिंदुस्तान इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। साहू वीडियो में कुछ युवाओं से संवाद करते हुए कह रहे हैं कि तुमने शादी क्यों न की? हमारे वक्त में तो अब तक 3-4 बच्चे हो जाते थे। हम तुम्हारी शादी कराएंगे। एक राज्य का नाम लेते हुए वो कह रहे हैं, वहां 20-25 हजार में युवतियां विवाह के लिए मिल जाती हैं। उधर, साहू ने वीडियो को फेक बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने 20-25 हजार विवाह समारोह के आयोजन के खर्च के बोले थे। न कि किसी बहन का मूल्य।
कांग्रेस ने की साहू के बयान की निंदा
कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर कहा कि यह बयान घोर निंदनीय और शर्मनाक है। यह पूरे देश की महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर सीधा हमला है। ज्योति ने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि यह बयान उस परिवार से आया है, जिसकी सदस्य स्वयं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय की मंत्री हैं। यह सरकार की कथनी और करनी के बीच के अंतर को साफ तौर पर सामने लाता है। बयान की जितनी निंदा करें कम है।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




