रिस्पना-बिंदाल से जुड़ेगा नया कॉरिडोर; देहरादून में बिना घुसे मसूरी जा सकेंगे
देहरादून वालों को जाम से बड़ी निजात मिलने वाली है। रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड से नया कॉरिडोर जुड़ेगा। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि देहरादून में घुसे बिना मसूरी जा सकेंगे।

देहरादून में रिस्पना व बिंदाल एलिवेटेड प्रोजेक्ट को जोड़ने के लिए राजपुर रोड स्थित मैक्स अस्पताल से धोरण तक नया एलिवेटेड-टनल कॉरिडोर बनाने की तैयारी है। इससे शहर को एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और मसूरी जाने वाले पर्यटकों को शहर के भीतर आए बिना आगे बढ़ने का रास्ता मिल सकेगा।
देहरादून की ट्रैफिक समस्या दूर करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर दो एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं। दोनों की अंतिम फिजिबिलिटी स्टडी चल रही है। स्टडी पूरी होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।
इसी बीच दोनों परियोजनाओं को आपस में जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। लोनिवि सूत्रों के अनुसार राजपुर रोड स्थित मैक्स अस्पताल के पास से सहस्रधारा रोड के धोरण तक एलिवेटेड और टनल कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह दोनों एलिवेटेड सड़कों को जोड़ने के साथ शहर के लिए रिंग रोड का भी काम करेगा। इसका प्रमुख उद्देश्य मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों को शहर के बाहर से गुजरने का एक और विकल्प देना है। परियोजना की कार्ययोजना एनएचएआई और लोनिवि तैयार कर रहे हैं।
रोपवे की वजह से पड़ रही नए विकल्प की जरूरत
मसूरी के लिए पुरुकुल से रोपवे तैयार हो रहा है। ऐसे में राजपुर रोड वाले क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसी आशंका को दूर करने को राजपुर रोड से ट्रैफिक को धोरण की ओर मोड़ने की भी योजना है ताकि लोगों को शहर के बीच से न गुजरना पड़े। इस नए कॉरिडोर के तैयार हो जाने के बाद पर्यटकों के पास भी आवाजाही के लिए कई विकल्प हो जाएंगे।
कॉरिडोर के लिए जल्द शुरू होगी स्टडी
अफसरों ने बताया, मैक्स अस्पताल से धोरण के बीच बनाए जाने वाले कॉरिडोर का विचार अभी प्रारंभिक स्तर पर है और जल्द इसके लिए स्टडी कराई जाएगी। स्टडी के बाद इसकी फिजिबिलिटी जांच होगी और उसके बाद परियोजना के निर्माण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राेजेक्ट की स्टडी के लिए एनएचएआई को कहा जा रहा है।
मसूरी के गनहिल में अवैध निर्माण सील
मसूरी। गनहिल क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माण को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सील कर दिया। सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि गनहिल निवासी कमल भंडारी द्वारा बिना स्वीकृति निर्माण कराया जा रहा था। एसडीएम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

