काम की बात: रामनगर-देहरादून के बीच रेल सेवा शुरू, किन स्टेशन पर रुकेगी और क्या हैं टाइमिंग?
देहरादून और रामनगर के बीच रेल सेवा शुरू कर दी गई है। ये सेवा फिलहाल हफ्ते में दो दिन ही जारी रहेगी लेकिन आने वाले समय में इसे बढ़ाया जाएगा। आइए जानते हैं ट्रेन की टाइमिंग और यह किन-किन स्टेशन पर रुकेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ ही रामनगर से देहरादून तक ट्रेन चलाने की लंबे समय से चली आ रही स्थानीय निवासियों की मांग पूरी हो गई। वैष्णव ने दिल्ली से, धामी ने देहरादून से वीडियो कांफ्रेंसिंग से और पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत, स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रामनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर वैष्णव ने कुमाऊं और गढ़वाल को उत्तराखंड के मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि रामनगर देहरादून ट्रेन कुमाऊं गढ़वाल के लिए सेतु का काम करेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के जरिए कुमाऊं के लोग अपने काम से देहरादून आ जा सकेंगे। अभी मुरादाबाद में काम चल रहा है। इसलिए ट्रेन दो दिन चलाई जा रही है। इसके बाद इसे रोजाना चलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने उतराखंड में चल रही रेल प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी और कहा कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन से काफी फायदा होने वाला है।
धामी ने गिनाए फायदे
वहीं, धामी ने कहा कि यह रेल सुविधा कुमाऊं को गढ़वाल को जोड़ेगी। इस कालखंड में रेल सुविधाओं का विस्तार हुआ है। रेलवे की यात्री सुरक्षा, सुविधा, गति, दक्षता, क्षमता को गति मिली है। यह ट्रेन रामनगर से हफ्ते में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को चलेगी और उसी दिन वापसी भी करेगी।
पौड़ी सांसद ने कहा - क्षेत्र के विकास को नई गति
वहीं बलूनी ने प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह रेल सेवा उत्तराखंड के परिवहन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रामनगर क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से मविकास को नई गति मिलेगी। नई रेल सेवा से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लाभ होगा तथा आम यात्रियों को देहरादून तक सीधी और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
क्या हैं टाइमिंग और कहां-कहां रुकेगी?
रेल मंत्रालय के अनुसार 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा। रामनगर से यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे रवाना होकर अपराह्न 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। इससे यात्रियों को एक ही दिन में देहरादून जाकर अपना काम निपटाकर वापस लौटने की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशन पर ठहरेगी।
इसमें एक लगेज कोच, जनरल सेकेंड श्रेणी के तीन, स्लीपर श्रेणी के तीन, थर्ड एसी श्रेणी के दो, सेकेंड एसी श्रेणी का एक, एसी चेयर, जनरल सेकेंड श्रेणी एसी चेयर के चार और एक एलएसएलआरडी कोच लगेगा।


