Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़dehradun nagar nigam road scam contractor recovery notice investigation
देहरादून में गजब हो गया! नगर निगम ने सड़क एक बनाई, पैसा दो का दे दिया

देहरादून में गजब हो गया! नगर निगम ने सड़क एक बनाई, पैसा दो का दे दिया

संक्षेप:

देहरादून नगर निगम के इंदिरापुरम वार्ड में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का निर्माण केवल कागज़ों में पूरा दिखाकर ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया।

Dec 07, 2025 09:07 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, महावीर सिंह चौहान। देहरादून
share Share
Follow Us on

देहरादून नगर निगम के अधिकारी ठेकेदारों पर मेहरबान हैं। नगर निगम के इंदिरापुरम वार्ड स्थित राज एन्क्लेव साईंलोक कालोनी में पिछले बोर्ड के कार्यकाल में एक सड़क नए सिरे से बनाई जानी थी। लेकिन यह महज कागजों में ही बनी। मौके पर सड़क निर्माण का बोर्ड भी लगा दिया गया और नगर निगम प्रबंधन ने भुगतान भी करवा दिया। नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को रिकवरी नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं पाया गया तो ब्लैकलिस्ट करने की भी चेतावनी दी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सूत्रों के मुताबिक वार्ड 41 राज एन्क्लेव साईंलोक कालोनी में क्रमश: 125 मीटर और 175 मीटर सड़क का निर्माण होना था। नगर निगम को शिकायत मिली है कि जो सड़क 125 मीटर बननी थी, वह 140 मीटर बनी है। 175 मीटर प्रस्तावित रोड अब तक नहीं बनी, जबकि इसे पिछले निकाय चुनाव से पूर्व बनाया जाना था। हैरानी की बात तो यह है कि मौके पर सीसी सड़क के निर्माण का बोर्ड भी लगा दिया गया। इसमें निर्माण की तारीख 2024-2025 दर्शायी गई है जिसमें सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूरा होने का जिक्र किया गया है। कागजों पर काम पूरा दर्शाकर दो सड़कें बनाने के लिए करीब बीस लाख रुपये का भुगतान भी हो गया। इस पूरे मामले की परतें तब खुली, जब नए पार्षद और निगम के लोक निर्माण अनुभाग से क्षेत्रवासियों ने सड़क नहीं बनने को लेकर जवाब मांगा। यह मामला नगर आयुक्त नमामी बंसल के पास पहुंचा जिसके बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने प्रारंभिक जांच के बाद मामले में जांच बैठा दी है। वहीं, नियम विरुद्ध भुगतान को लेकर एक तरफ ठेकेदार पर ब्लैकलिस्ट होने की तलवार लटक गई है, उसे निगम ने साढ़े पांच लाख रुपये की रिकवरी करने का नोटिस भेजा है।

सवाल: क्या साइट का निरीक्षण नहीं हुआ?

नगर निगम क्षेत्र में सड़क नहीं बनने के बाद भुगतान होने से कई सवाल खड़े हुए हैं। प्रावधान के तहत भुगतान से पहले साइट विजिट की जाती है और इसके बाद इंजीनियरों की ओर से काम की प्रगति को लेकर रिपोर्ट दी जाती है। इस मामले में इंजीनियरों की ओर से लापरवाही क्यों बरती गई, इसे लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं।

नगर आयुक्त देहरादून नमामी बंसल का कहना है कि स्थानीय लोगों और पार्षद की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। संबंधित अनुभाग से विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि विभागीय स्तर से लापरवाही हुई होगी तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

आईएएस मनुज गोयल ने भी पकड़ा था ऐसा ही मामला

पूर्व में नगर आयुक्त रहे आईएएस मनुज गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान ऐसी सड़कों के टेंडर निरस्त कर दिए थे। जो विधायक निधि से नई बनी थी और इसके बावजूद निगम में भी टेंडर लगाया गया। यदि अफसर ने लापरवाही नहीं पकड़ी होती तो बिना काम करवाए ही लाखों रुपये मिलीभगत कर डकार लिए जाते। उधर मालसी वार्ड से सटे एक नामी होटल की सड़क बनाने पर भी लाखों रुपये का बजट खर्च किया गया, जबकि सड़क गांव के लिए बनाई जानी थी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।