देहरादून-मसूरी रोपवे की सौगात जल्द; बारिश और बर्फबारी नहीं रोकेगी सफर, जाम से भी मुक्ति
Dehradun-Mussoorie Ropeway: देहरादून-मसूरी के बीच रोपवे से सफर बेहद आसान और आरामदायक होने वाला है। न सिर्फ जाम से मुक्ति मिलेगी, वादियों का नजारा भी देखने को मिलेगा।

Dehradun-Mussoorie Ropeway: देहरादून से पहाड़ों की रानी मसूरी तक का सफर जल्द ट्रैफिक जाम की परेशानी से मुक्त हो सकता है। दून के पुरकुल से मसूरी के लाइब्रेरी चौक तक प्रस्तावित रोपवे न केवल सफर आसान बनाएगा, बल्कि पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का नया अनुभव भी देगा।
स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि यह रोपवे शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। लोगों का कहना है कि मसूरी को इस परियोजना से सबसे बड़ा फायदा ट्रैफिक जाम से राहत के रूप में मिल सकता है। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर दून-मसूरी मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति रहती है। रोपवे शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक सड़क की बजाय रोपवे का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे वाहनों का दबाव कम होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परियोजना का पूरा लाभ तभी मिल सकता है, जब दोनों छोरों पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बारिश में सड़क रुकेगी पर रोपवे नहीं
रोपवे प्रोजेक्ट का लाभ केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा। बर्फबारी, भूस्खलन या भारी बारिश के दौरान जब सड़क मार्ग बाधित होते हैं, तब भी रोपवे से आवाजाही जारी रह सकेगी। मरीजों को दून तक पहुंचाने में आसानी होगी और खाद्य सामग्री भी मसूरी तक पहुंचाई जा सकेगी। बरसात में सड़क धंसाव या मलबा आने से अक्सर यातायात प्रभावित हो जाता है। ऐसे समय में रोपवे वैकल्पिक-भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था साबित हो सकता है।
मूलभूत सुविधाओं पर भी देना होगा ध्यान
लोगों का कहना है कि इस रोपवे परियोजना के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता देनी होगी। यदि इन व्यवस्थाओं को समय रहते विकसित किया गया तो यह परियोजना मील का पत्थर होगी।
होटल कारोबार के साथ टूर ऑपरेटरों को मिल सकेगा फायदा
देहरादून और मसूरी के बीच रोपवे शुरू होने के बाद होटल व्यवसाय, रेस्तरां, दुकानदार और टूर ऑपरेटरों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। एक घंटे में दो हजार से अधिक यात्रियों को लाने-ले जाने की क्षमता के कारण यहां आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय कारोबार को गति मिल सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मॉल रोड और शहर के कई हिस्सों में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। पहाड़ी मार्गों पर हादसे और भूस्खलन से जुड़े जोखिम में भी कमी आएगी।
बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर, बढ़ेंगे विकास कार्य
इस परियोजना के निर्माण के साथ बड़े स्तर पर आधारभूत ढांचे का विकास होने की उम्मीद है। दून में मसूरी रोड से लेकर पुरकुल तक का क्षेत्र नए सिरे से विकसित होगा। मसूरी में भी रोपवे से जुड़े कई विकास कार्य होंगे, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को लाभ मिलेगा। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि लंबे रोपवे सफर के दौरान पर्यटक दून घाटी और आसपास की वादियों का विहंगम दृश्य देख सकेंगे।
जिला पर्यटन अधिकारी बिजेंद्र पांडे ने बताया कि देहरादून और मसूरी के बीच प्रोजेक्ट का काम पीपीडी मोड पर हो रहा है। इस अहम परियोजना पर तेजी के साथ काम जारी है। जल्द ही यह योजना पूरी होगी, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।


