
देहरादून के गेस्ट हाउस में युवक के संग मिली नाबालिग लड़की, बजरंग दल का हंगामा
देहरादून के शिमला बाईपास रोड स्थित एक गेस्ट हाउस से बजरंग दल ने एक युवक को नाबालिग लड़की के साथ पकड़ा, जिसके फोन से 200 से अधिक लड़कियों के आपत्तिजनक चैट और वीडियो मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
देहरादून के शिमला बाईपास रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक नाबालिग को युवक के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और नाबालिग को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।
घटना शिमला बाईपास रोड स्थित गेस्ट हाउस की है। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना दी थी कि एक युवक और एक नाबालिग लड़की बुधवार रात तीन बजे से गेस्ट हाउस में रुके हुए हैं और सुबह तक बाहर नहीं निकले। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता गुरुवार दिन के समय मौके पर पहुंचे। जब कमरे का गेट खुलवाकर जांच की गई, तो वहां 24 वर्षीय युवक और एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
प्रेमजाल में फंसा ब्लैकमेल करने का अंदेशा जताया
पुलिस और लोगों ने युवक के मोबाइल को खंगाला। जांच करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी के फोन में 200 से ज्यादा अलग-अलग लड़कियों के साथ चैट और कई युवतियों की आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मिले हैं। इस डेटा को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता था।
प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं
मौके पर की गई तलाशी के दौरान कमरे से प्रतिबंधित दवाइयां भी बरामद हुईं। पूछताछ में पता चला कि लड़की मूल रूप से टिहरी की रहने वाली है। अपने दोस्तों के साथ देहरादून घूमने के लिए बोलकर आई थी। युवक के झांसे में उसके साथ गेस्ट हाउस में पहुंच गई।
गेस्ट हाउस के रजिस्टर में नहीं की गई थी एंट्री
मामले में गेस्ट हाउस प्रबंधन की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। सामने आया कि रजिस्टर में न तो युवक की और न ही नाबालिग लड़की की कोई एंट्री दर्ज थी। बिना वैध आईडी कार्ड के अवैध रूप से कमरा उपलब्ध कराया गया था। आईएसबीटी चौक इंचार्ज हर्ष अरोरा ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने कोई भी कार्रवाई करने से इनकार किया। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




