
कांग्रेस विधायक तिलकराज के पार्षद बेटे ने खुद ही हमला कराया था, पुलिस ने पूरी बात बताई; ले सकती है ऐक्शन
उत्तराखंड के कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद बेटे पर हुए हमले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि विधायक के बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद ही अपने ऊपर हमला करवाया। इस खुलासे के बाद विधायक भी सकते में आ गए हैं।
उत्तराखंड के कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद बेटे पर हुए हमले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि विधायक के बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद ही अपने ऊपर हमला करवाया। इस खुलासे के बाद पुलिस को एक दिन की मोहलत देने वाले विधायक भी सकते में आ गए हैं।
उत्तराखंड में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र सौरभ बेहड़ ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद ही अपने ऊपर हमला करवाया था। रूद्रपुर पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद विधायक तिलकराज बेहड़ भी सकते में हैं। इस साजिश में सौरभ बेहड़ के नजदीकी इंदर नारंग भी शामिल है। इस मामले में कथित तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है। अब रूद्रपुर पुलिस विधायक के पार्षद बेटे पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।
हथियारों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हमले की साजिश खुद विधायक के बेटे ने रची थी। उन्होंने बताया कि बुधवार 21 जनवरी की रात को पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन आरोपियों वंश कुमार और बादशाह, दोनों निवासी घासमंडी, रूद्रपुर और दीपक सिंह निवासी नारायण कालोनी ट्रांजिट कैंप, रूद्रपुर को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।
पारिवारिक विवाद में सहानुभूति पाने की कोशिश
आरोपियों के पास से दो तमंचे, एक चाकू और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने खुलासा किया कि सौरभ बेहड़ और इंदर नारंग ने हमले की पूरी साजिश रची है और उनसे हमला करने को कहा। जांच में यह भी पता चला कि सौरभ बेहड़ ने यह साजिश पारिवारिक विवाद में सहानुभूति पाने के लिए के लिए रची। इसके लिए विधायक के बेटे ने इंदर नारंग को 18 जनवरी को पहले अपने घर पर बुलाया और दोनों ने हमले की योजना बनाई।
आरोपी ने बताई पूरी बात
एसएसपी ने बताया कि आरोपी इंदर नारंग ने भी पूरी बात स्वीकार कर ली है। उसने अपने कबूलनामे में कहा कि सौरभ ने पत्नी से चल रहे विवाद के कारण सहानुभूति पाने के लिए यह साजिश रची। इसके बाद इंदर ने वंश और बादशाह को बुलाकर दोनों को हमले की योजना समझाई। पहचान छिपाने के लिए चेहरा ढकने और मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट हटाने की बात भी सामने आई है।
घटना के दिन इंदर नारंग अपनी वैगनार कार से हमलावरों के पीछे पीछे चल रहा था। भीड़ अधिक होने पर शिव शक्ति पीजी गेट के पास हमले का नाटक किया गया। यही नहीं, हमला कराने के बाद इंदर ने ही हमलावरों को भगाने में मदद की। हमले के बाद आरोपी सिडकुल नैनीताल रोड की ओर भागे और मोटरसाइकिल को धरमपुर थाना पंतनगर में छिपा दी। इसके बाद इंदर नारंग ने तीनों को अपनी वैगनार कार से सुरक्षित इलाके तक छोड़ा।
कांग्रेसी नेता बैकफुट पर
एसएसपी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 3(5) भी लगाई गई है। एसएसपी ने कहा कि यह आपराधिक मामला है और इसमें सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद धामी सरकार पर हमलावर कांग्रेसी नेता बैकफुट पर हैं। खुद विधायक तिलकराज बेहड़ इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने इस घटना को लेकर पत्रकारों से बात की। साथ ही अपने पुत्र को अस्पताल से लेकर घर ले गए।

लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




