पूर्व CM हरीश रावत के रोड शो से कांग्रेस हाईकमान नाराज; कड़ी फटकार के बाद दिल्ली तलब
हरीश रावत के पिछले दिनों से चल रहे धन्यवाद यात्रा पर कांग्रेस हाईकमान ने ब्रेक लगा दिया है। कहा गया कि बिना परमिशन के ऐसा करने की अनुमति नहीं है। रावत को दिल्ली तलब किया गया है।

उत्तराखंड कांग्रेस के भीतर एक बार फिर अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत की प्रस्तावित धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर पार्टी के भीतर ही विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने धन्यवाद यात्रा पर ब्रेक लगाते हुए रावत को कड़ी फटकार लगाई है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरीश रावत को दिल्ली तलब किया है।
पार्टी की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने हरीश रावत के इस स्वतंत्र यात्रा कार्यक्रम पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें पत्र लिखकर इस आयोजन को रोकने का आग्रह किया है। एक अक्तूबर की तारीख वाला यह आधिकारिक पत्र अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुमारी सैलजा ने स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि हरीश रावत की ओर से राज्य में निकाली जा रही इस यात्रा की जानकारी न तो प्रदेश प्रभारी को दी गई थी और न ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के साथ इस पर कोई चर्चा हुई है। यात्रा का आयोजन बिना पार्टी संगठन या प्रदेश नेतृत्व की सहमति के किया जा रहा है। सैलजा ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि हाल के दिनों में हरीश रावत की ओर से कुछ विवादास्पद बयान दिए जाने की शिकायतें मिली हैं।
कड़ी फटकार लगाई
आगामी विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए सैलजा ने कहा कि पार्टी को इस समय एकजुटता दिखाने की आवश्यकता है। ऐसे समय में कोई भी समानांतर कार्यक्रम चलाना पार्टी हित में नहीं है। उन्होंने रावत से आग्रह किया है कि वे इस कार्यक्रम को आगे न बढ़ाएं। हरीश रावत ने पांच अक्टूबर से कुमाऊं के काशीपुर, जसपुर, रामनगर से लेकर कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी तक इस यात्रा का कार्यक्रम सोशल मीडिया पर जारी किया था।
समानांतर व्यवस्था खड़ा करना मकसद नहीं: रावत
सोशल मीडिया पर हरीश ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसी समानांतर व्यवस्था को खड़ा करना नहीं, बल्कि पार्टी और संगठन को मजबूती देना और जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे हमेशा पार्टी आलाकमान और संगठन के अनुशासन के प्रति समर्पित रहे हैं। हालांकि यात्रा रोक देंगेया जारी रखेंगे, इस पर कुछ नहीं कहा।
‘सरकार से त्रस्त लोग कांग्रेस में आ रहे’
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में रविवार को प्रदेश मुख्यालय में हरिद्वार जनपद के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मनोज धनगर और एससी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में आए इन कार्यकर्ताओं को पटका व माला पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना यह साबित करता है कि जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करें और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, अमरजीत सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। सदस्यता लेने वालों में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक शशिपाल, दीपक कोली आदि शामिल रहे।

