Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Chaos in uttarkashi during Hindu organisations protest demanding removal of masjid stones pelted on police 29 injured
उत्तरकाशी में मस्जिद को लेकर हिंदू संगठनों के प्रदर्शन में बवाल, पुलिस पर पथराव; 29 लोग घायल

उत्तरकाशी में मस्जिद को लेकर हिंदू संगठनों के प्रदर्शन में बवाल, पुलिस पर पथराव; 29 लोग घायल

संक्षेप:

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार को हिंदू जनाक्रोश महारैली के दौरान भारी बवाल हो गया। धार्मिक स्थल से कुछ दूर पहले भटवाड़ी में पुलिस ने रैली को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस बीच भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

Oct 25, 2024 09:05 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, उत्तरकाशी। सुरेंद्र नौटियाल
share Share
Follow Us on

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार को हिंदू जनाक्रोश महारैली के दौरान भारी बवाल हो गया। धार्मिक स्थल से कुछ दूर पहले भटवाड़ी में पुलिस ने रैली को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान लोगों की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। इस बीच भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। पथराव में 29 लोग घायल हो गए। इनमें स्वामी दर्शन भारती, नौ पुलिसकर्मी और एक बच्चा भी शामिल है। दो पुलिसकर्मियों और बच्चे को देहरादून रेफर किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एक मस्जिद को अवैध बताकर संयुक्त सनातन धर्म रक्षक दल ने गुरुवार को उत्तरकाशी में बाजार बंद कर जनाक्रोश महारैली का आह्वान किया था। दल और व्यापार मंडल के लोग हनुमान चौक पर एकत्रित हुए और साढ़े 12 बजे रैली शुरू हुई। लोग धार्मिक स्थल को हटाने और बाहरी लोगों पर अतिक्रमण का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। रैली बस अड्डे से होते हुए भटवाड़ी रोड पहुंची। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने धार्मिक स्थल से कुछ मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर रैली को रोक दिया। आगे जाने की जिद पर अड़े प्रदर्शनकारियों की पुलिस से काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। लोगों ने करीब तीन घंटे तक गंगोत्री हाईवे को जाम रखा। सूचना पर डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। वरुणावत की पहाड़ी के छोर से भी पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी धार्मिक स्थल को जा रहे रास्ते से कलक्ट्रेट पहुंचे और कुछ देर नारेबाजी की। उधर, हनुमान चौक पर संयुक्त सनातन धर्म रक्षक दल का धरना देर रात तक जारी था।

यमुनाघाटी में आज बाजार बंद : यमुनाघाटी जिला उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि लाठीचार्ज के विरोध में यमुना घाटी में बाजार शुक्रवार को बंद रहेगा।

प्रशासन बता चुका है धार्मिक स्थल को वैध

लोग एक धार्मिक स्थल को अवैध बताकर इसे हटाने की मांग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से धार्मिक स्थल को वैध बताया गया। फिर भी आयोजक रैली करने की जिद पर अड़े रहे।

आयोजकों की जिद के बाद उपद्रवियों का बवाल

उत्तरकाशी में इस तरह के बवाल की आशंका किसी को नहीं थी। महारैली से जुड़े लोग बाड़ाहाट क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल को अवैध बताकर इसे हटाने की मांग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से धार्मिक स्थल को वैध बताया गया। फिर भी आयोजक रैली करने की जिद पर अड़े रहे। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पहाड़ की शांत फिजा को कौन खराब करना चाहता है।

गुरुवार को राष्ट्रीय श्रीराम सेवा दल, राष्ट्रीय हिंदू संघ, गंगा विश्व शांति सद्भावना मंच, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू युवा वाहिनी आदि संगठनों से जुड़े लोग महारैली में शामिल हुए थे। संयुक्त सनातन धर्म रक्षक दल के बैनर तले इस रैली को निकाला गया। जिसमें व्यापार मंडल ने भी अपना सहयोग दिया था।

डुंडा, भटवाड़ी, जोशियाड़ा, उत्तरकाशी आदि जगहों पर व्यापार मंडलों ने रैली को अपना समर्थन देते हुए प्रतिष्ठान बंद रखे। ऐसे मामलों में मुखर स्वामी दर्शन भारती, लखपत भंडारी, राकेश उत्तराखंडी, केशव गिरि महाराज आदि भी रैली में शामिल होने पहुंचे। इन लोगों के रैली में शामिल होने पर संगठनों का उत्साह और भी चरम पर था। उत्तरकाशी में पहली बार इस तरह की घटना होगी इसका अंदाजा किसी को नहीं था। पहाड़ के हिस्से अब तक आपदा ही आती रही है। लेकिन अब इस तरह के मुद्दों को लेकर माहौल खराब किया जा रहा है। उत्तरकाशी की अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान रही है। अब इस तरह के विवाद शुरू हो गए हैं।

प्रशासन धार्मिक स्थल पर स्थिति कर चुका स्पष्ट : प्रशासन साफ कर चुका है कि धार्मिक स्थल सरकारी भूमि पर निर्मित नहीं है। इसको लेकर प्रशासन ने जानकारी सार्वजनिक की है। स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि यदि धार्मिक स्थल अवैध है तो उसे हटाया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि पहले प्रशासन ने आरटीआई में गलत जानकारी दी, इस बात का संतुष्टजनक जवाब भी प्रशासन को देना चाहिए। उधर, महारैली में इतना बवाल हो सकता है, खुफिया तंत्र इसका अंदाज नहीं लगा पाया।

प्रशासन को चेताया

स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि प्रशासन हमारे साथ नाइंसाफी कर रहा है। हमें देवता की पूजा के लिए एकत्र नहीं होने दिया जा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष को छूट दी जा रही है। हमने प्रशासन से मांग की है कि दूसरे पक्ष को नमाज से रोका जाए। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो हम फिर बाजार बंद करने को बाध्य होंगे।

‘विवादित है धार्मिक स्थल, ध्वस्त करें’

महारैली निकालने से पहले हनुमान चौक पर सभी संगठनों के कार्यकर्ता और व्यापार मंडल के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान स्वामी दर्शन भारती ने दावा किया कि एक धार्मिक स्थल अवैध है, इसका ध्वस्तीकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस जगह अब धार्मिक स्थल बना है, वहां पहले मकान था। धीरे-धीरे करके इसको विस्तार दिया जा रहा है।

पथराव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

हिंदू जनाक्रोश महारैली के दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद मामला शांत है। सुरक्षा के दृष्टिगत उत्तरकाशी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पथराव करने वाले उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस घटना की जांच करेगी। एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि रैली को लेकर जिन लोगों को नोटिस दिए गए थे, उन पर भी विधिक कार्रवाई को लेकर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैली के बाद से शहर में शांति व्यवस्था बनी है। पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।

हाईवे पर तीन घंटे जाम लगा हनुमान चालीसा पढ़ी

उत्तरकाशी में गुरुवार को हिंदू जनाक्रोश रैली के दौरान भटवाड़ी रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन घंटे तक गंगोत्री नेशनल हाईवे पर जाम लगाए रखा। पुलिस के साथ धक्का मुक्की कर आगे जाने की कोशिश में लगे प्रदर्शनकारियों के मंसूबे नाकाम होने पर वह सड़क पर ही बैठे गए और नोरबाजी करने लगे। इस दौरान भीड़ ने हाईवे पर हनुमान चालीसा का पाठ किया।

किसी को नहीं देंगे शांति भंग की इजाजत: डीएम

उत्तरकाशी जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने शांति व्यवस्था को बनाए रखने में सभी लोगों से सहयोग की अपील की है। कहा कि किसी को भी जिले की कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। लोक शांति को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गुरुवार को संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ की ओर से निकाली गई जनाक्रोश रैली में हुए पथराव की घटना के बाद बयान जारी करते हुए जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि जिला मुख्यालय में प्रदर्शन के लिए संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ को सशर्त अनुमति देते हुए 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। इसके लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ गत दिन हुई वार्ता में प्रदर्शनकारी संगठन के नेताओं ने अनुमति की शर्तों के अनुसार तय रूट और समय के भीतर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की वचन बद्धता व्यक्त की थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।