चम्पावत जिले में बीते चार दिनों से मौसम दिखा रहा रौद्र रूप
चम्पावत में पिछले चार दिनों से मौसम में भारी बदलाव आया है। तेज गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है। इससे काश्तकारों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने 5 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। जलवायु परिवर्तन के कारण मई में असामान्य बारिश हो रही है।

सतीश जोशी, चम्पावत। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में बीते चार दिनों से मौसम रौद्र रूप दिखा रहा है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के तहत बीते चार दिनों से मौसम के बदले रूख से जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। तेज गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि से जहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं ओलावृष्टि के कारण काश्तकारों की फसलों, फलों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग की ओर से पांच मई तक बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। जलवायु परिवर्तन के चलते मई माह में गर्मी के स्थान पर बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है।
लोगों ने मौसम में बदलाव को देखते हुए एक बार फिर से गरम कपड़े निकाल लिए हैं। चम्पावत के अलावा लोहाघाट, पाटी और बाराकोट विकासखंड के कई स्थानों में खंडवृ्ष्टि के कारण जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश का पानी घरों में घुसने के साथ ही कई स्थानों में आवासीय मकानों को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। काश्तकारों की गेहूं की फसल चौपट होने के साथ ही फलों और बागवानी को काफी नुकसान पहुंचा है। बाराकोट ढुंगाजोशी गांव के विवेक जोशी के अनुसार गांव में कई घरों में दरारें आ गई हैं। जिसकी सूचना जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को दे दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


