पलक बनीं जूनियर मिस इंडिया 2026, स्माइल प्राइज जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान
टनकपुर की 15 वर्षीय पलक जोशी ने जूनियर मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'खूबसूरत मुस्कान' पुरस्कार जीता। इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ी है। पलक वर्तमान में बरेली में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं और उनके प्रयासों को स्थानीय लोगों ने सराहा है।
टनकपुर। जयपुर में आयोजित जूनियर मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में टनकपुर की पलक जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर मिस इंडिया स्माइल प्राइज अपने नाम किया है। महज 15 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि के साथ पलक ने टनकपुर ही नही बल्कि जनपद और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। जोशी की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ी है। टनकपुर के नयागोठ निवासी पूर्व सैनिक गोविन्द बल्लभ जोशी व निर्मला जोशी की पुत्री पलक जोशी ने जूनियर मिस इंडिया ‘खूबसूरत मुस्कान 2026’ श्रेणी में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सादगी भरी मुस्कान से प्रतियोगिता में बाजी मारी।
देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच पलक का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा, जिसके चलते इस प्रतियोगिता में कामयाबी मिली। पलक वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बरेली में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ फैशन, मंच प्रस्तुति और व्यक्तित्व विकास में उनकी गहरी रुचि रही है। परिजनों के सहयोग और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। पलक की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पलक आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




