मोदी सरकार को अपदस्त करेगा महागठबंधन : रावत
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने म्यर मैत कार्यक्रम के तहत मंगलवार को टनकपुर के तुलसी राम चौराहे पर जन सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार के...
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने म्यर मैत कार्यक्रम के तहत मंगलवार को टनकपुर के तुलसी राम चौराहे पर जन सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार के साथ राज्य की त्रिवेन्द्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि भाजपानीत गठबंधन के दिन समाप्त होने वाले हैं। विपक्षी पार्टियों का महागठबंधन मोदी को सत्ता से बेदखल कर देगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपने वायदे पूरे नहीं किये। मोदी के कई फैसलों से देश की आर्थिक स्थिति खराब हुई है। मोदी सरकार किसानों और बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं कर पाई। उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर भी उनके मुख्यमंत्रित्व काल में चलाई गई योजनाओं को ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकारें हर मोर्चे पर विफल रही हैं। उन्होंने कांग्रेस शासन में हुए विकास कार्यों की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को गिनाए कि उसने जन हित में क्या कार्य किए हैं। संचालन हरीश चन्द्र भट्ट ने किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देऊ, नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी, बहादुर पाटनी आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में देवेन्द्र प्रसाद, अनिल प्रसाद सिन्हा, अमित भट्ट, खालिद अंजुम, नेत्र बल्लभ तिवारी, उजैर अहमद अंसारी, शिवम गोयल, गीता ठाकुर, खजान पाण्डेय, भवानी टम्टा, केडी मुरारी, मदन मोहन अग्रवाल, पूरन पडियार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।