लधिया घाटी के श्रमिकों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ
लधिया घाटी के श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों ने शीघ्र योजनाओं...
चम्पावत।
लधिया घाटी के श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों ने शीघ्र योजनाओं से जोड़े जाने की मांग की है।
लधिया घाटी के दीपक शर्मा, ध्यान सिंह, राजेंद्र सिंह, जगदीश शर्मा, नरेश जोशी, शेखर जोशी, पान सिंह, भीम सिंह, मुन्नी देवी, शांति देवी, नवीन चंद्र, रमेश मथेला, रुद्र सिंह, प्रेम बल्लभ, नित्यानंद, दुर्गानाथ, भैरव नाथ और महेंद्र सिंह आदि का कहना है कि उन्होंने श्रम विभाग में पंजीकरण कराया है। भिंगराड़ा, खरही, बालाताड़ी, बिरगुल, गोली, महर पिनाना, गडयूड़ा, चल्थियां के सैंकड़ों श्रमिकों को श्रम विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। कहा कि बीते दो साल से उन्हें शादी अनुदान, श्रमिक उपकरण और छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जबकि श्रम विभाग प्रत्येक श्रमिक से हर माह सौ रुपये बीमा के रूप में जमा करवा रहा है। ग्रामीणों ने श्रम विभाग की ओर से मिलने वाली योजनाओं का लाभ देने की मांग की है। इधर श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट का कहना है कि कोर्ट में मामला होने की वजह से उपकरण नहीं दिए जा रहे हैं। कोर्ट से फैसला आने के बाद उपकरण बांटने का कार्य शुरू होगा। उनका कहना है कि शादी अनुदान आदि के लिए पात्र श्रमिक को विभाग में आवेदन करना होगा। जांच के बाद पात्र श्रमिक को योजना से लाभांवित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रमिकों से विभाग में पंजीकरण कराने को कहा है।