सांस्कृतिक नगरी को नई पहचान दिलाने में मददगार बनेगा गोलज्यू महोत्सव

हिन्दुस्तान, चम्पावत
Follow us on Google News
share

चम्पावत में आयोजित ऐतिहासिक गोलज्यू महोत्सव, 10 दिनों तक चलेगा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। यह महोत्सव धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम होगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल शामिल होंगे। क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने का यह एक महत्वपूर्ण मंच होगा।

सांस्कृतिक नगरी को नई पहचान दिलाने में मददगार बनेगा गोलज्यू महोत्सव

सतीश जोशी, चम्पावत। जिला मुख्यालय में न्याय के देवता भगवान गोल्ज्यू की पावन में नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित ऐतिहासिक गोलज्यू महोत्सव सांस्कृतिक नगरी चम्पावत को नई पहचान दिलाने में मददगार बनेगा। नगर पालिका की ओर से वर्ष 2013 में गोलज्यू महोत्सव की शुरुआत की गई थी। सोमवार को महोत्सव का विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। 13 मई तक चलने वाले इस 10 दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था, समृद्ध लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव का शुभारंभ प्रथम दिवस प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसके उपरांत स्वागत-अभिनंदन समारोह एवं विद्यालयों व सांस्कृतिक दलों की ओर से आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय एवं अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि चार, पांच एवं छह मई को प्रतिदिन रात्रि आठ बजे से ‘स्टार नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। वहीं पांच और छह मई को सायं चार बजे से स्थानीय कलाकारों एवं विद्यालयी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। महोत्सव के दौरान 10 दिनों तक विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पाद एवं उत्तराखंड के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह आयोजन न केवल क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण का माध्यम बनेगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि यह महोत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने, संवारने और जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव की शोभा बढ़ाएं तथा उत्तराखंड की लोक परंपराओं का आनंद लें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।