
दो माह में महिलाओं ने अर्जित की एक लाख रुपए की आय
चम्पावत में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक नई पहल की गई है। महिला विकास सीएलएफ और गोल्डन फन फूड्स के सहयोग से, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं फलों से वाइन बनाने की प्रक्रिया में भाग ले रही हैं।...
चम्पावत। जिले में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में रीप ग्रामोत्थान के सहयोग से अभिनव पहल की गई है। महिला विकास सीएलएफ खर्ककार्की चम्पावत एवं गोल्डन फन फूड्स एंड बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए अनुबंध के अंतर्गत जिले की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की ओर से उत्पादित फलों से वाइन निर्माण की प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित की गई है। जिसके तहत महिलाओं ने दो माह में एक लाख रुपए की आय अर्जित की है। इस पहल में जनपद की कुल 20 पंजीकृत सामुदायिक स्तरीय संघों (सीएलएफ) की महिलाएं भाग ले रही हैं। प्रथम चरण में तीन प्रमुख सीएलएफ महिला विकास सीएलएफ खर्ककार्की, समृद्धि सीएलएफ रोलमई और शिव महिमा सीएलएफ बमन जैल सक्रिय रूप से शामिल हैं।

इन संगठनों के माध्यम से 35 स्वयं सहायता समूहों की लगभग 500 महिलाएं इस व्यवसाय से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ चुकी हैं। अब तक करीब 2100 किलोग्राम फल (जैसे प्लम, आड़ू, खुबानी आम आदि) और 48 दर्जन केले वाइन निर्माण के लिए कंपनी को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। कंपनी की ओर से उपयोग किए जा रहे सभी फल स्थानीय स्तर पर ही उत्पादित किए गए हैं, जिससे जहां एक ओर किसानों की आमदनी में वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को भी स्थाई आय के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। गोल्डन फन फूड्स एंड बेवरेज डीएम की ओर से विगत मई माह में लाइसेंस प्रदान किया गया था। वर्तमान में कंपनी ने वाइन का उत्पादन शुरू कर दिया है। शीघ्र ही आपूर्ति एवं वितरण की प्रक्रिया भी आरंभ की जाएगी। प्रारंभिक चरण में तैयार वाइन उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में भेजी जाएगी, और सफल संचालन के बाद इसका विस्तार देश के अन्य राज्यों तक किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




