डीएम मनीष कुमार ने नरसिंहडांडा में लगाई रात्रि चौपाल
डीएम मनीष कुमार ने चम्पावत के ग्राम नरसिंहडांडा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान, सुझाव और आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। भूमि, इंटर कॉलेज, पेयजल, खेल मैदान, और लाइब्रेरी निर्माण की मांगें उठाई गईं। डीएम ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और जरूरतमंदों को सहायता प्रदान की।
जनपद के ग्रामीण अंचलों में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनसुनवाई और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार विकासखंड चम्पावत के ग्राम नरसिंहडांडा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएँ, सुझाव एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में भूमि संबंधी समस्याओं को प्रमुख बताया, जिस पर डीएम ने शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने गांव में इंटर कॉलेज, अम्बेडकर भवन, बारात घर, दो ज्ञान सेतु, पंचायत घर की मरम्मत, पेयजल समस्या के समाधान तथा तारबाड़ की मांग रखी गई।
ग्रामीणों की ओपन जिम एवं खेल मैदान की मांग पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी चम्पावत को तत्काल कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को कल ही स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। गांव में लाइब्रेरी निर्माण की मांग पर डीएम ने कल से ही प्रक्रिया प्रारंभ कर अविलंब लाइब्रेरी निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान आपदा से प्रभावित विनोद कुमार, ललित कुमार सहित अन्य ग्रामीणों को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। 63 वर्षीय लक्ष्मी दत्त की वृद्धावस्था पेंशन न लगने की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी को सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर पेंशन चालू करने एवं उन्हें सूचित करने के निर्देश दिए गए। रात्रि चौपाल के दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल भी वितरित किए। इस दौरान ग्राम प्रधान चंचला देवी, एसडीएम अनुराग आर्या, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




