
जीआईसी रेगडू में स्कूल सुरक्षा और आपदा जागरूकता प्रशिक्षण
चम्पावत में जीआईसी रेगडू में स्कूल सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूस्खलन, बाढ़ और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और बचाव तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया।
चम्पावत। एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल के दिशा-निर्देश में जनपद की तहसील बाराकोट अंतर्गत जीआईसी रेगडू में स्कूल सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता पर व्यापक जन-जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कार्मिकों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनसे बचाव एवं आपदा के समय सही व्यवहार के संबंध में जानकारियां दी गई। प्रशिक्षकों की ओर से भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने एवं भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थानों की पहचान, परिवार एवं पालतू पशुओं को सुरक्षित रखने के उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में भूकंप सुरक्षा एवं बचाव, भूस्खलन व बाढ़ की स्थिति में सतर्कता, प्राथमिक उपचार, सीपीआर तकनीक, घायल व्यक्ति को सुरक्षित रूप से कैरी करने की विधि, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर निर्माण, आपदा रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी, रैपलिंग व जुमारिंग, तथा रिवर क्रॉसिंग का प्रदर्शन कराया गया।
साथ ही, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों, महिला हेल्पलाइन नंबरों, ‘सचेत’ एवं ‘भूकम्प’ एप के उपयोग की भी जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर भरत गुसाईं,कनिष्ठ अभियंता नीरज पुजारी, एसडीआरएफ प्रभारी डूंगर सिंह अधिकारी, राम सिंह धोनी, गणेश मेहरा, किशोर सिंह एवं अमित मिश्रा की ओर से संचालित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पंकज कुमार साह सहित अध्यापकों एवं अन्य कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




