
चार बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
गोपेश्वर के पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राइंका में आयोजित हुई स्पर्धा गोपेश्वर, संवाददाता। प्रथम उत्तराखंड
प्रथम उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग के जिला स्तरीय आयोजन में चमोली जिले के चार बाल वैज्ञानिकों ने राज्य स्तर पर जगह बनाई है। गोपेश्वर स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों से आए प्रतिभागियों ने अपनी वैज्ञानिक समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की शुरुआत एमजीक्यू स्क्रीनिंग से हुई, जिसमें विद्यार्थियों के बुनियादी विज्ञान ज्ञान का आकलन किया गया। इसके बाद विजुअल, अर्जर, रैपिड फायर सहित विभिन्न रोचक राउंड आयोजित हुए। कई चरणों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद शीर्ष चार छात्रों का चयन राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए किया गया।
चयनित छात्रों में दशोली ब्लॉक से निशांत पंत और आदित्य बुटोला, कर्णप्रयाग से प्रिंस भंडारी तथा गैरसैंण ब्लॉक से अभिषेक सिंह शामिल हैं। निर्णायक मंडल में अनूप खंडूड़ी, डॉ. प्रतात बिष्ट, मनमोहन खाली, आशीष भंडारी, दीवान सिंह, ओपी पुरोहित, किरन भट्ट और सोनी बिष्ट मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न राउंडों का मूल्यांकन किया। जिला समन्वयक नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति बच्चों में रुचि बढ़ाना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी पंकज उप्रेती, कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य केबी सिंह, तथा अकादमिक समन्वयक वाईएस चौहान सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




