ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड बागेश्वरकाफलीगैर तहसील के बंदी गृह में युवक ने फंदे से लटक जान दी

काफलीगैर तहसील के बंदी गृह में युवक ने फंदे से लटक जान दी

काफलीगैर तहसील के अंतर्गत कठपुड़िया राजस्व पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने तहसील परिसर में बने कमरे के अंदर कुंडा लगाकर गमछे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर...

काफलीगैर तहसील के बंदी गृह में युवक ने फंदे से लटक जान दी
हिन्दुस्तान टीम,बागेश्वरFri, 29 May 2020 10:14 PM
ऐप पर पढ़ें

काफलीगैर के कठपुड़िया राजस्व पुलिस क्षेत्र के एक युवक ने तहसील परिसर में बने बंदी गृह में गमछे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर सुरक्षा कर्मियों ने इसकी सूचना राजस्व उप निरीक्षक को दी। राजस्व उपनिरीक्षक ने दरवाजा खोला तो युवक गमछे के सहारे कुंडी पर लटका था। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। महिला के परिजनों की तहरीर पर युवक पर मुकदमा दर्ज था।

राजस्व पुलिस उप निरीक्षक तारादत्त पाठक से मिली जानकारी के अनुसार जसपुर मूल का 46 वर्षीय भूपाल सिंह पुत्र देव सिंह ट्रेक्टर चालक है। वह लंबे समय से पगना मोटर मार्ग पर काम कर रहा था। इस बीच उसका कठानी गांव की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पूर्व चालक सेराघाट मोटर मार्ग में काम करने के लिए चला गया। कहा जा रहा है कि तीन दिन पूर्व महिला भी वहां पहुंच गई। बुधवार को महिला के जेठ कमल सिंह की लिखित शिकायत पर राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 366 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार की सुबह राजस्व पुलिस ने सेराघाट से 30 किमी दूर नैनोली के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान महिला वहां से अपने घर आ गई। युवक को राजस्व पुलिस काफलीगैर तहसील में ले आई। यहां बंदी गृह में रख दिया और बाहर से दो सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए। शुक्रवार की सुबह चालक बाहर आया और नित्य कर्म के बाद कमरे के अंदर चला गया और दरवाजा को कुंडा लगा दिया। इस दौरान उसने गमछे से अंदर कुंडे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब कमरे के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो सुरक्षा कर्मियों ने इसकी जानकारी राजस्व उपनिरीक्षक को दी। उन्होंने अंदर देखा तो युवक फांसी पर लटका था। घटना की सूचना राजस्व पुलिस ने एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी और मृतक के परिजनों को दी। सूचना के बाद एसडीएम मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए। राजस्व उप निरीक्षक पाठक ने बताया कि महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया है और मृतक के परिजनों के आने का इंतजार चल रहा है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

तहसील के बंदी गृह में युवक की खुदकुशी के मामले की जांच की जाएगी जांच के बाद जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी।

बीएस मटियानी, नायब तहसीलदार

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें