मजियाखेत में जलभराव-बंदरों से परेशान लोगों का प्रदर्शन

हिन्दुस्तान, बागेश्वर
Follow us on Google News
share

देवेंद्र पांडे, बागेश्वर में मजियाखेत क्षेत्र के ग्रामीण जलभराव और बंदरों के आतंक से परेशान होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। बरसात के दौरान जलभराव गंभीर हो गया है, और बंदरों के हमलों से बच्चे स्कूल जाने में डर रहे हैं।

मजियाखेत में जलभराव-बंदरों से परेशान लोगों का प्रदर्शन

देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। नगर के मजियाखेत क्षेत्र में जलभराव और बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी ज्ञापन सौंपते हुए दोनों समस्याओं के जल्द स्थायी समाधान की मांग की। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मजियाखेत क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर क्षेत्र के पानी की निकासी नहीं होने से बारिश का पानी रिहायशी क्षेत्रों की ओर आने लगा है।

इससे कई घरों को नुकसान का खतरा बना हुआ है और लोगों को हर बरसात में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं उन्होंने बताया कि तहसील परिसर के पास बंदरों का आतंक भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। मजियाखेत से मुख्य बाजार को जोड़ने वाले रास्ते पर तहसील की चहारदीवारी और आसपास लगे आम के पेड़ बंदरों का स्थायी अड्डा बन गए हैं। बंदर आए दिन राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों पर झपट पड़ते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।ग्रामीणों ने बताया कि बंदरों के डर से बच्चे स्कूल जाने में घबरा रहे हैं और किसान खेतों में काम करने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अब स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा महसूस होने लगा है। इस दौरान ललित कांडपाल, हेम कांडपाल,खिलाफ दानू, मदन मोहन गुरुरानी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।