गैरसैंण राजधानी को राज्य आंदोलनकारियों का प्रदर्शन

Apr 08, 2026 03:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बागेश्वर
share

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें मूलभूत सुविधाओं और पर्वतीय राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण की स्थापना की मांग की गई। उन्होंने परिसीमन में भौगोलिक परिस्थितियों का ध्यान रखने, विकास योजनाओं में प्राथमिकता देने, और किसानों को राहत देने के लिए प्रभावी कानून लागू करने की मांग की।

गैरसैंण राजधानी को राज्य आंदोलनकारियों का प्रदर्शन

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने बुधवार को उत्तराखंड क्रांतिक दल की अगुवाई में विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया, जिसमें राज्य निर्माण से जुड़े मुद्दों, मूलभूत सुविधाओं और जनहित से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं। आंदोलनकारियों ने कहा कि पृथक पर्वतीय राज्य के लिए लंबे संघर्ष के बावजूद आज भी कई मूलभूत अपेक्षाएं अधूरी हैं। उन्होंने राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण में स्थापित करने की मांग उठाई, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों की भावनाओं और राज्य आंदोलन के उद्देश्यों का सम्मान हो सके। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह केवल जनसंख्या के आधार पर नहीं, बल्कि पर्वतीय जनपदों की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

आंदोलनकारियों ने राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति में बने स्थलों के संरक्षण और समुचित देखरेख की भी मांग की। इसके अलावा बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जनपदों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विकास योजनाओं में विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए बंदरों, जंगली सूअरों और अन्य जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान पर प्रभावी कानून लागू करने और किसानों को राहत देने की मांग की। साथ ही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से प्रत्येक परिवार को पर्याप्त राशन उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। आंदोलनकारियों ने राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने, पेंशन संबंधी घोषणाओं को शीघ्र लागू करने और पुराने पहचान पत्रों के नवीनीकरण के साथ सभी पात्र आंदोलनकारियों को लाभ देने की मांग भी की। इस दौरान रमेश पांडे, भुवन कांडपाल, लीलाधर पांडा, राजेंद्र सिंह, मंगल सिंह, मोहन सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।