सरमूल के विकास के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री से मिले ग्रामीण
सरयू नदी के उद्गम स्थल सरमूल के विकास के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री से भेंट की। उनके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा।...
सरयू नदी के उद्गम स्थल सरमूल के विकास के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री से भेंट की। उनके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने सहस्रधारा और सरमूल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और देश में सरयू नदी के महत्व का प्रचार प्रसार कराने की गुहार लगाई। सरमूल को देश का मुख्य पर्यटन स्थल बनाने के लिए ग्रामीण लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जुलाई में बागनाथ मंदिर से सरमूल तक पदयात्रा की। प्रशासन और शासन को पत्र लिखकर यहां का विकास कराने की गुहार लगाई। सोमवार को उन्होंने केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा से भेंट की। विधायक की मौजूदगी में उन्होंने सरमूल के विकास के लिए बातचीत की। उन्होंने सरयू मां की फोटो भी मंत्री को भेंट की। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम उन्हें ज्ञापन दिया। उन्होंने सरमूल तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त करने, चौड़ा सीसी मार्ग बनाने, सरयू नदी के संरक्षण और प्रचार प्रसार के लिए अलग विभाग बनाने, लोगों को सरमूल के प्रति जागरूक करने के लिए वृहद स्तर पर प्रचार करने और देश के पर्यटन स्थल के रूप में सरमूल को विकसित करने की गुहार लगाई। इस मौके पर विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, नगरपंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, भगवत सिंह कोरंगा, सभासद लक्ष्मण सिंह ऐठानी, गिरीश जोशी, नारायण कपकोटी, दयाल ऐठानी, स्वरूप सिंह कर्म्याल, बबलू मौजूद रहे।