Bageshwar News: शिक्षकों के सम्मान के साथ मनाया शिक्षक दिवस
Bageshwar News: बागेश्वर में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य ने शिक्षकों के महत्व और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।
Bageshwar News: देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। जिले में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भावपूर्वक याद किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य ने कहा कि शिक्षक समाज के दर्पण होते हैं। उनका सम्मान करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। शिक्षक समाज को नई दिशा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और जन्मजात शिक्षक थे। शिक्षक ही विद्यार्थियों को संस्कारित और योग्य बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता संजय टम्टा ने किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी मौजूद रहे।


