ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड बागेश्वरकपकोट में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर

कपकोट में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर

नगर निकाय चुनाव में कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस के दोनों ही...

कपकोट में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर
हिन्दुस्तान टीम,बागेश्वरSat, 03 Nov 2018 07:08 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर निकाय चुनाव में कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस के दोनों ही प्रत्याशी चुनावी रण में आमने-सामने खड़े हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे कर रहे हैं। अध्यक्ष की इस कुर्सी को हासिल करने के लिए चुनाव प्रचार में जुट गए हैं।

कपकोट नगर पंचायत में निकाय चुनाव में चुनावी माहौल काफी गर्म दिखाई दे रहा है। यहां जिस उत्साह से पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशियों को विजयी बनाने में जी तोड़ मेहनत करने में जुटे हुए हैं। उतना ही उत्साह यहां के मतदाताओं में मतदान करने को भी दिखाई दे रहा है। मण्डलखेत, कपकोट बाजार, शिवालय, भराड़ी, ऐठाण, पॉलीडुंगरा और खीरगंगा सात वार्डों में बंटे कपकोट नगर पंचायत में 3208 मतदाता हैं। इनमें से 1593 पुरुष और 1615 महिला मतदाता हैं। नगर निकाय चुनाव के लिए पहली बार मतदान करने वाले मतदाता काफी उत्साहित हैं, जो मतदान करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नगर पंचायत कपकोट में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद सिंह बिष्ट गोपदा और भाजपा प्रत्याशी गिरीश जोशी गिरदा के बीच कांटे की टक्कर लगभग तय है। दोनों दावेदारों में कई समानताएं भी हैं। दोनों के पिता पूर्व सैनिक हैं और दोनों ही शिवालय वार्ड के निवासी हैं। इसके अलावा दोनों दावेदारों की छवि हंसमुख, मिलनसार और व्यवहार कुशल की है। वैसे इस बार नगर पंचायत कपकोट के चुनाव परिणाम कई नेताओं-जनप्रतिनिधियों की जनता के बीच स्वीकार्यता और लोकप्रियता को भी तय करेंगे तो ये चुनाव कईयों के नाक का सवाल भी बन चुका है।

--------------------------------------------

वार्डों की स्थिति -

1- मंडलखेत, पॉलीडुंगरा, खीरगंगा - संवेदनशील

2- कपकोट बाजार, शिवालय, भराड़ी, ऐठाण - अतिसंवेदनशील

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें