Bageshwar News: शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
Bageshwar News: बागेश्वर के जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और रिक्त पदों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विज्ञान समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। वर्चुअल कक्षाओं और विकल्प शिक्षकों की मदद से प्रबंधन की योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

Bageshwar News: बागेश्वर,संवाददाता। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने सोमवार को जिले के विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता और रिक्त पदों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों, प्रवक्ताओं और विषयवार रिक्त पदों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी गरुड़ और कपकोट ने विद्यालयवार व विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता का विश्लेषण प्रस्तुत किया। इस दौरान उपलब्ध विषयों, संबंधित शिक्षकों और रिक्त पदों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में विज्ञान समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, वहां नियमित नियुक्ति होने तक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए निकटवर्ती विद्यालयों के शिक्षकों के माध्यम से वर्चुअल कक्षाएं संचालित करने, आसपास के विद्यालयों से शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था करने और आवश्यकता के अनुसार स्वयंसेवी शिक्षकों की मदद लेने की कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालयों की ब्लॉक और विद्यालयवार सूची तैयार की जाए, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है या वर्चुअल कक्षाओं के संचालन में नेटवर्क की समस्या आ रही है। इन विद्यालयों में वाई-फाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया जाए। डीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयवार उपलब्धता और आवश्यकता का विश्लेषण कर प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था लागू करने और उसकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

