ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड बागेश्वरपुरानी पेंशन बहाली मोर्चा को राज्यसभा सदस्य ने दिया समर्थन

पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा को राज्यसभा सदस्य ने दिया समर्थन

सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की मांग को राज्यसभा सदस्य ने जायज बताया। प्रदीप टम्टा ने कहा कि वह सरकारी कर्मचारियों की मांग के साथ हैं। भाजपा...

पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा को राज्यसभा सदस्य ने दिया समर्थन
हिन्दुस्तान टीम,बागेश्वरSun, 22 Nov 2020 04:31 PM
ऐप पर पढ़ें

सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की मांग को राज्यसभा सदस्य ने जायज बताया। प्रदीप टम्टा ने कहा कि वह सरकारी कर्मचारियों की मांग के साथ हैं। भाजपा सरकार ने नई पेंशन योजना लागू कर कर्मचारियों के भविष्य को असुरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की मांग को राज्यसभा सहित हर मंच पर उठाने का आश्वासन दिया।

रविवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आलोक पांडेय और प्रदेश संयोजक मिलिंद बिष्ट ने राज्यसभा सदस्य टम्टा से भेंट की। इस दौरान उन्होंने अक्तूबर 2005 के बाद से नियुक्त कर्मचारियों के लिए लागू नई पेंशन योजना की खामियां बताई। कहा कि नई पेंशन योजना बाजार के अधीन है। इसमें कर्मचारियों को जीपीएफ की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी शासन, विभाग व समाज के हर कार्य को पूरी निष्ठा से पूरा करते हैं। इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए समर्थन मांगा। राज्यसभा सदस्य ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह पूरी तरह से सरकारी कर्मचारियों की जायज मांग का समर्थन करते हैं। कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी सरकार ने पुरानी पेंशन को समाप्त किया था। वर्तमान भाजपा सरकार भी सरकारी उपक्रमों के निजीकरण पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी भयानक महामारी के समय सरकारी कर्मचारियों व सरकारी सेवाओं ने ही बेहतर कार्य किया है। संकट के समय में जहां सरकारी डाॅक्टर, पुलिस के जवान और अन्य सरकारी कर्मचारी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, वहीं निजी संस्थाएं केवल मुनाफा कमाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह सरकारी कर्मचारियों के साथ हो रही अनदेखी का विरोध करेंगे। हर मंच पर उनकी आवाज को मुखर करने में मदद करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें