जिले के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। नया साल उन्होंने काला दिवस के रूप में मनाया। कर्मचारियों ने हाथ में काला फीता बांधकर रोष जताया।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल जोशी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने लोनिवि कार्यालय में नये साल को काला दिवस के रूप में मनाया। कर्मचारियों ने हाथ के बांह पर काला फीता बांधकर विरोध जताया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ मिलकर नई पेंशन योजना की खामियां बताईं और पुरानी पेंशन बहाली की मांग की गई। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन कर्मचारी का हक है। जिसे हासिल करने के लिए मोर्चा हर तरह के हथकंडे अपनाने को तैयार है। नई पेंशन के खिलाफ अधिकाधिक ट्वीट करने को भी कहा। मोर्चा को मजबूती देने के लिए जिलेभर से सदस्य बनाए जा रहे हैं। संगठन का विस्तार होने के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। कर्मचारियों ने 2021 में नई पेंशन योजना को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। इस मौके पर मोर्चा के प्रदेश संयोजक मिलिंद बिष्ट, संतोष खेतवाल, राजू पाठक आदि मौजूद रहे।