ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड बागेश्वरउत्तरायणी कौतिक में खरीदारी को उमड़े मेलार्थी

उत्तरायणी कौतिक में खरीदारी को उमड़े मेलार्थी

उत्तरायणी कौतिक के अंतिम पड़ाव पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। सरयू बगड़ सहित नगर के अन्य स्थानों पर लगी बाजारों में रौनक है। मौसम साफ रहने से लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। जिससे बाहर से आये व्यापारियों...

उत्तरायणी कौतिक में खरीदारी को उमड़े मेलार्थी
हिन्दुस्तान टीम,बागेश्वरTue, 21 Jan 2020 03:44 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तरायणी कौतिक के अंतिम पड़ाव पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। सरयू बगड़ सहित नगर के अन्य स्थानों पर लगी बाजारों में रौनक है। मौसम साफ रहने से लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। जिससे बाहर से आये व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक है। सरयू-गोमती बगड़ के अलावा सरयू घाट, नुमाइशखेत रोड, कांडा रोड, भोटिया पड़ाव आदि स्थानों में बाहरी व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगा रखी हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के चलते सरयू व गोमती बगड़ में पानी भर गया था। जिससे व्यापारी मायूस थे। पिछले तीन दिनों से मौसम साफ है, जिसके चलते मेलार्थी भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मंगलवार को लोकल के मेलार्थियों ने खरीदारी की। अधिकांश खरीदार सामान के सस्ते होने का इंतजार करते हैं, जिसके चलते आखिरी के दिनों में अधिक व्यापार होता है। बाहरी व्यापारी असलम, इरशाद, मोहम्मद सलीम, रहीम आदि ने बताया कि सरयू बगड में पानी भरने से उनकी मुश्किल बढ़ गई थी। हालांकि पिछले दो दिनों में लोगों के आने से थोड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि पालिका को मेले में आने वाली बाहरी व्यापारियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ताकि उन्हें हानि न उठानी पड़े। इधर मेलार्थी पूरन सिंह, भगवान सिंह, सुरेश राम, कमला देवी, पूजा देवी, सरिता आदि ने बताया कि उत्तरायणी मेले से लोग साल भर के लिए सामान खरीदने की कोशिश करते हैं। यहां पर कुछ सस्ते में भी सामान मिल जाता है।

खूब बिका लोहे और प्लास्टिक का सामान

बागेश्वर। उत्तरायणी मेले में लोहाघाट की कढ़ाही का क्रेज आज भी बना हुआ है। इस बार भी लोगों ने लोहे के बने कढ़ाही, बाल्टी, भगोने आदि जमकर खरीदे। वहीं प्लास्टिक के बने टब, बाल्टियों की भी डिमांड अधिक रही। इसके अलावा भोटिया बाजार से दन, थुलमा, पंखी, कंबल के अलावा जंबू, गदरैणी, हींग, काला नमक सहित कई औषधीय गुणों वाले मसाले भी खब बिक रहे हैं। वहीं धारचूला व मुनस्यारी की राजमा की भी काफी मांग रही। लोगों ने गर्म ऊनी उत्पादों की भी खरीदारी की। आज भी भोटिया मार्केट के प्रति लोगों का क्रेज पहले की तरह बना हुआ है।

विभागीय स्टॉलों पर भी उमड़े लोग

बागेश्वर। उत्तरायणी मेले के दौरान नुमाइशखेत मैदान में विभिन्न विभागों ने भी अपने स्टाल लगाये हैं। जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागों ने स्टॉल में अपने उत्पादों का प्रदर्शन भी किया। कृषि विभाग और उद्यान विभाग के स्टॉल में काश्तकारों ने अपनी फसल, सब्जी व फलों का प्रदर्शन किया। बाल विकास विभाग ने निर्भया, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में जानकारी दी। पर्यटन, आपदा प्रबंधन, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों ने भी स्टॉल लगकार लोगों को तमाम जानकारी उपलब्ध कराई। इसके अलावा कई संस्थाओं और संगठनों ने भी स्टॉल लगाये। ताम्रशिल्प उद्योग से जुड़ी संस्थाओं ने तांबे के बने उत्पादों का प्रदर्शन किया। रिंगाल की वस्तुओं की भी प्रदर्शनी लगाई गई। ब्रह्मकुमारी संस्था ने अपने स्टॉल से लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान के बारे में बताया। लोगों ने इन स्टॉलों में प्रदर्शन को रखे उत्पादों को देखने के साथ ही मिल रही जानकारियों का लाभ उठाया।

सांस्कृतिक मंच से रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा मन

बागेश्वर। उत्तरायणी कौतिक के आखिरी दिन भी मुख्य मंच से लोक कलाकारों ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे दिन दर्शक पंडाल लोगों से खचाखच भरा रहा। दर्शकों ने कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाने के साथ कलाकारों का भी उत्साह बढ़ाया। मंगलवार को सांस्कृतिक मंच से बागेश्वर और अल्मोड़ा के विभिन्न लोक कला दलों ने प्रस्तुति दी। आनंद म्यूजिकल ग्रुप अल्मोड़ा, जय गोलू प्रोडक्शन बागेश्वर, मां शारदा म्यूजिकल ग्रुप अल्मोड़ा, सांस्कृतिक मंच चनौली, सरयू घाटी सांस्कृतिक मंच बिलौना, सांस्कृतिक लोक कला मंच कर्मी, रणजीत दफौटी एंड पार्टी और सांस्कृतिक विभाग के पंजीकृत दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकगीत और लोकनृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। सुबह 11 बजे से शाम तक मंच से कलाकार एक के बाद एक प्रस्तुति देते रहे। दर्शकों ने भी पूरा दिन उनके कार्यक्रमों का जमकर लुत्फ उठाया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें