
सुरक्षा दीवार की मांग को मंडलसेरा के लोगों का प्रदर्शन
सिंचाई विभाग की क्षतिग्रस्त दीवार चार महीने बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। इस पर मंडलसेरा के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सिंचाई विभाग की क्षतिग्रस्त दीवार चार महीने बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। इसपर सोमवार को मंडलसेरा के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज लोगों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सभासद कैलाश आर्या के नेतृत्व में क्षेत्र के लोग सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि इस बार अत्यधिक बारिश के कारण बहादुर सिंह बिष्ट व गोविंद गिरी के मकान के समीप सिंचाई विभाग की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण आवासीय मकानों को खतरा हो गया है।
यह बाजार जाने का मुख्य मार्ग है। इस मार्ग से स्कूली बच्चे, महिलाएं तथा बुजुर्ग भी आते-जाते हैं। हर वक्त दुर्घटना का भय बना हुआ है। चार महीने बीतने के बाद भी समस्या जस की तस है। इसके अलावा मंडलसेरा बाईपास मार्ग पर नालियों का निर्माण कार्य पांच सालों से नहीं हो पाया है। जगह-जगह दीवार और पुल की रेलिंग टूट गई है। यह रोड ग्रामीण क्षेत्र से भी जुड़ी है। करीब सात हजार लोग इससे जुड़े हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर भी नहीं हैं। इस कारण यहां वाहनों की गति भी तेज रहती है। मंडलसेरा उत्तरी वार्ड में पोस्ट-ऑफिस है, लेकिन आधार सेंटर नहीं है। इस कारण लोग परेशान रहते हैं। उन्होंने आधार अपडेट के लिए सेंटर खोलने की मांग की है। इस मौके पर तारा देवी, नीमा जोशी, पार्वती, आनंदी, भगवती देवी, गंगा, रेनू गोस्वामी, गोविंदी देवी व आनंदी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




