बारिश, बर्फबारी से एक दर्जन सड़कें बंद
बसंत पंचमी पर बर्फबारी ने कपकोट में यातायात को प्रभावित किया। करीब एक दर्जन सड़कें बंद रहीं, जिससे ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दूसरे दिन धूप निकलने से राहत कार्य में तेजी आई और कई सड़कें खुल गईं। बागेश्वर जिले में चार साल बाद हुई इस बर्फबारी ने लोगों को खुश किया।
बसंत पंचमी पर प्रकृति ने लोगों को बर्फ का उपहार दिया। इससे लोगों की प्रकृति तो खिल गई, लेकिन बर्फबारी और बारिश की मार सबसे अधिक सड़कों पर पड़ी। जिले में करीब एक दर्जन सड़कों पर यातायात ठप रहा। सबसे अधिक सड़कें कपकोट में बंद रहीं। दूसरे दिन धूप निकलने से राहत कार्य में तेजी आई। देर शाम तक आधी सड़कें खुल गईं। अन्य सड़कें भी जल्द खुल जाएंगी। जिला मुख्यालय से लगा गिरेछीना मोटर मार्ग आठ घंटे बंद रहा। इस बार चार साल बाद अच्छी बर्फबारी हुई। शुक्रवार को रातभर बर्फबारी होती रही। निचले क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई। पालड़ीछीना, मनकोट, धरमघर, जाखनी, बास्ती के अलावा गरुड़ तहसील के द्यौनाई घाटी के थाकला आदि गांवों में जमकर बर्फ पड़ी।
करीब चार साल बाद इन क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। शुक्रवार की रात बागेश्वर-कमेड़ीदेवी मोटर मार्ग हुड़मधार के पास बंद हो गया। चार घंटे बाद किसी तरह सड़क को खोला गया। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग रातभर बंद रहा। शनिवार की सुबह उसे खोला गया। इसके अलावा पीएमजीएसवाई कपकोट की बदियाकोट से कुंवारी मार्ग, बदियाकोट-बोरबलड़ा, रिखाड़ी-बाछम, लीती- गोगिना, बाछम- खाती मोटर मार्ग बंद है। लोनिवि कपकोट की धूर-विनायक सड़क बंद है। वैप्कॉस की सूपी-झूनी मोटर मार्ग बंद है। एनएच व बीआरओ की सभी सड़कें खुली हैं। सड़क बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोग घरों में कैद रहे। तहसील मुख्यालय आने वाले लोगों ने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। अचानक हुई बर्फबारी के कारण इन सड़कों पर कई वाहन फंसे हैं। यात्री पैदल किसी तरह अपने गांवों तक पहुंच गए हैं। वाहनों को निकालने का कार्य जारी है। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है। जल्द ही मार्ग खोल दिए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



