आवारा जानवरों से ग्रामीणों को निजात दिलाएं
वीरांगना महिला जन प्रतिनिधि संगठन की गरुड़ इकाई की बैठक में आवारा जानवरो का मुद्दा छाया रहा। महिलाओं ने प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की...
वीरांगना महिला जन प्रतिनिधि संगठन की गरुड़ इकाई की बैठक में आवारा जानवरों का मुद्दा छाया रहा। महिलाओं ने प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। द हंगर प्रोजेक्ट और उत्थान समिति कपकोट से जुड़ी 36 गांव की महिलाएं क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक करने में लगी हैं। वे गांव-गांव में बैठक कर रही हैं। इसी के तहत उन्होंने गागरीगोल में बैठक की। रामपुर कोठी की ग्राम प्रधान भगवती देवी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में महिला डॉक्टर की नियुक्ति करने, भकुननखोला में पेयजल समस्या से निजात देने की मांग की है।
बैठक में महिला जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समाजिक कार्यों में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की। ग्रामीण महिला जनप्रतिनिधियों ने कहा की आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले अच्छा कार्य कर रही हैं। महिलाएं अपनी कार्यकुशलता के आधार पर अपनी जिम्मेदारियों का उचित निर्वहन कर रही हैं। समाज की आधारशिला में महिलाओं की अहम भागीदारी है। ग्राम प्रधान मन्यूढ़ा तारा देवी ने गरुड़ बाजार के स्याल्दे से तिलोड़ीबगड़ जाने वाले मार्ग में कूड़े के ढेर का निस्तारण नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे स्वच्छ भारत अभियान का मजाक बताते हुए प्रशासन से जरूरी कारवाई की मांग की। वीरांगना महिलाओं ने आम सहमति बनाकर समस्याओं के निराकरण के लिए एकजुट होने का संकल्प लिया। बैठक में ग्राम प्रधान जिनखोला नरूली देवी, तैलीहाट कमला देवी, अनीता राणा, चित्रा वर्मा, सरस्वती देवी, अंबुली देवी, हंसी देवी माधवी देवी, हीरा, शोभा, पुष्पा, हिमानी आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन बसंती कपकोटी ने किया।