Bageshwar News: कठपुड़ियाछीना को ब्लॉक बनाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
Bageshwar News: कठपुड़ियाछीना को पृथक विकासखंड बनाने की मांग को लेकर जन संघर्ष समिति ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। समिति ने

Bageshwar News: देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। कठपुड़ियाछीना को पृथक विकासखंड बनाने की मांग को लेकर जन संघर्ष समिति ने फिर आवाज बुलंद की है। समिति ने तहसीलदार काफलीगैर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद शासन-प्रशासन ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। ज्ञापन में कठपुड़ियाछीना को अलग विकासखंड बनाने की मांग को प्राथमिकता से पूरा करने का आग्रह किया गया।
समिति ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पृथक विकासखंड बनने से ग्रामीणों को विकासखंड स्तरीय सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। समिति ने राजकीय महाविद्यालय काफलीगैर का शासनादेश जारी करने की मांग भी उठाई। सदस्यों ने कहा कि वर्ष 2014 में महाविद्यालय की स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी है। बैठक में ग्रामीण मोटर मार्गों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई गई। समिति के अनुसार सिमतोली-2, वोहाला-नदीगांव, कठपुड़ियाछीना-सोराधार, काफलीगैर-कनारी और द्वाड़ीछीना-लोब समेत कई मार्गों पर झाड़ियां उग आई हैं। नालियां बंद होने से आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। समिति ने मार्गों की सफाई और नालियों की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की। बैठक में देवीदत्त मिश्रा, नंदकिशोर मिश्रा, ललित सिंह कार्की, चंद्रशेखर मिश्रा, विनोद मिश्रा, प्रेमराम, मनोज पंत, योगेश असवाल आदि मौजूद रहे।


