विवादित बयान पर गरमाई सियासत, विधायक गड़िया से माफी की मांग
कपकोट विधायक सुरेश गड़िया के बयान पर विवाद बढ़ गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने कई कलाकारों को संसद में भेजा है, इसलिए ऐसी टिप्पणियाँ अनुचित हैं। विधायक ने बाद में माफी मांगी, यह कहते हुए कि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे खेद प्रकट करते हैं।
कपकोट विधायक सुरेश गड़िया के विवादित बयान को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने विधायक के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने भी कई कलाकारों को संसद तक पहुंचाया है, ऐसे में कलाकारों पर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने विधायक से सार्वजनिक मंच पर माफी मांगने की मांग की। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में ऐठानी ने कहा कि हेमा मालिनी, कंगना रनौत और स्मृति ईरानी जैसे कलाकार भाजपा में सांसद और मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में लच्छू पहाड़ी के खिलाफ दिया गया बयान इन सभी कलाकारों का भी अपमान माना जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बयान के दौरान ठहाके लगाने वाले लोग भी उतने ही जिम्मेदार हैं जितने स्वयं विधायक।इस मुद्दे पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमेटी बैसानी, जसोद राम और नान कनयालिकोट के जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति से उभरकर आए कलाकार और जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना अनुचित है। सभी ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।विधायक गड़िया ने सोशल मीडिया पर मांगी माफीबागेश्वर। विवाद बढ़ने के बाद कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने बयान पर माफी मांगी है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा कि कत्यूर महोत्सव के दौरान कही गई बातों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे वे आहत हैं। उन्होंने लच्छू पहाड़ी के हुनर की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा को सही मंच मिले तो वह किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकती है। विधायक ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने तुरंत लच्छू पहाड़ी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी शब्द से लच्छू पहाड़ी या उनके परिवार को ठेस पहुंची हो तो वे हृदय से खेद प्रकट करते हैं और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


