Bageshwar News: डीएमएफ फंड में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस का धरना जारी
Bageshwar News: बागेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) के ₹28 करोड़ के फंड में अनियमितताओं के खिलाफ धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने फंड के प्रयोग की जांच और उसके सभी दस्तावेजों की खोज की मांग की। उनका आरोप है कि धनराशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए निर्धारित है, इसलिए इसकी सही जानकारी जरूरी है।

Bageshwar News: बागेश्वर, संवाददाता। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) के करीब 28 करोड़ रुपये के फंड में कथित अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फंड के उपयोग से जुड़े अभिलेखों की जांच कर मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि डीएमएफ की धनराशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए निर्धारित है। ऐसे में फंड के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।
बसंत कुमार ने डीएमएफ से संबंधित प्रस्तावों, वार्षिक कार्ययोजना, बजट, स्वीकृत कार्यों और खर्च से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि फंड के उपयोग में अनियमितताएं हुई हैं और मामले की लीपापोती नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धनराशि के खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने तथा सभी संबंधित अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि डीएमएफ फंड के उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट होने तक पार्टी आंदोलन जारी रखेगी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नरेंद्र कोरंगा, दिनेश कुमार, सुरेश खेतवाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


