Bageshwar News: अनासक्ति आश्रम में गांधी जयंती पर गूंजे सत्य-अहिंसा के संदेश
Bageshwar News: कौसानी में ऐतिहासिक अनासक्ति आश्रम में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी से हुई, उसके बाद ध्वजारोहण किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और गांधी जी के संदेशों को जीवंत किया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Bageshwar News: कौसानी, संवाददाता। कौसानी स्थित ऐतिहासिक अनासक्ति आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे प्रभातफेरी से हुई। इसके बाद आठ बजे ध्वजारोहण किया गया। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ‘गांधी स्मारक निधि उत्तराखंड’ के कार्यकारी सदस्य कृष्ण सिंह बिष्ट ने कहा कि महात्मा गांधी ने अनासक्ति आश्रम में 14 दिन प्रवास किया था। इसी दौरान उन्होंने ‘अनासक्ति योग’ की भूमिका लिखी और सत्य, अहिंसा व सौहार्दपूर्ण जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी की कथनी और करनी में अंतर नहीं था, इसलिए दुनिया आज भी उन्हें सम्मान से याद करती है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने कहा कि गांधी दर्शन आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा, भूपेंद्र कोरंगा, विजय कोरंगा, पूजा मेहरा, दीपक पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, जेसी आर्या, लक्ष्मण आर्य, प्रकाश चंद्र आदि मौजूद रहे。
बच्चों ने निकाली सांस्कृतिक झांकी
दिव्य ज्योति पब्लिक स्कूल गगरीगोल के विद्यार्थियों ने गरुड़ स्थित गांधी चबूतरे से गगरीगोल तक सांस्कृतिक झांकी निकाली। बच्चों ने गांधी जी के प्रिय गीत प्रस्तुत किए और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को झांकी के माध्यम से जीवंत किया।


