
कपकोट क्षेत्र में बीएसएनएल सेवा पटरी से उतरी
कपकोट तहसील में बीएसएनएल सेवा दो दिन से ठप रही, जिससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ। क्षेत्र में 24 घंटे तक संचार सुविधा नहीं थी, जिसके कारण लोग ऑनलाइन कारोबार नहीं कर पाए। व्यापारी सुधार की मांग कर रहे हैं। बीएसएनएल के इंजीनियर ने कहा कि समस्या को जल्द हल किया जाएगा।
कपकोट तहसील क्षेत्र में बीएसएनएल सेवा एक बार फिर पटरी से उतर गई है। पिंडर व कर्मी क्षेत्र में दो दिन से संकट बना हुआ है, जबकि कपकोट व भराड़ी क्षेत्र में 24 घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हो पाई है। संचार सुविधा के अभाव में सीएससी संचालकों का कारोबार ठप हो गया है। व्यापारियों ने व्यवस्था में सुधार की मांग की है। मालूम हो कि कपकोट के तल्ला, मल्ला और बिचला दानपुर में शुक्रवार सुबह दस बजे से बीएसएनएल सेवा ठप हो गई, जो शनिवार की सुबह दस बजे बहाल हुई। 24 घंटे क्षेत्र के लोग बगैर संचार सुविधा के रहे।

नेटवर्क के अभाव में ऑनलाइन कारोबार करने वाले लोग परेशान रहे। क्षेत्र के लोग अपने प्रवासियों की कुशल क्षेम तक नहीं पूछ पाए। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। व्यापर मंडल भराड़ी के पूर्व अध्यक्ष एसएस ऐठानी ने कहा कि क्षेत्र में बीएसएनएल सेवा महीने में 15 दिन पटरी से उतरी रहती है। यदि विभाग ने इसपर जल्द सुधार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। कर्मी, पिंडर क्षेत्र में अभी भी संकट बना हुआ है। ग्रामीण परेशान हैं। इधर बीएसएनएल के डिवीजनल इंजीनियर आशीष निगम ने बताया कि हरसीला में तार टूटा था, उसे जोड़ दिया है। कर्मी और पिंडर क्षेत्र में अब भी दिक्कत है। उसे भी जल्द दूर किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




