Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Atal Bihari Vajpayee blue scooter and briefcase Former PM often roamed Dehradu and Mussoorie
अटल जी का नीला स्कूटर और ब्रीफकेस, देहरादून-मसूरी में खूब घूमा करते थे पूर्व पीएम

अटल जी का नीला स्कूटर और ब्रीफकेस, देहरादून-मसूरी में खूब घूमा करते थे पूर्व पीएम

संक्षेप:

Atal Bihari Vajpayee: पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी का उत्तराखंड से विशेष नाता रहा है। वे अक्सर देहरादून आया करते थे और नीले रंग के खास स्कूटर पर दून और मसूरी की सैर किया करते थे। साथ में ब्रीफकेस जरूर रहता था।

Dec 25, 2025 08:53 am ISTGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

Atal Bihari Vajpayee: ‘जिंदगी एक फूल समान है, इसे पूरी ताकत से खिलाओ।’ यह पंक्तियां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व को पूरी तरह बयान करती हैं। सरल स्वभाव वाले अटल जी ऐसे नेता थे, जिनके मित्र हर राजनीतिक दल में थे। आज पूर्व पीएम और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस है। उत्तराखंड में अटल जी से जुड़ी कई यादें हैं। अटल जी जब भी देहरादून आते थे, एक खास नीले रंग के वेस्पा स्कूटर से घूमा करते थे। स्कूटर पर वो कभी देहरादून तो कभी मसूरी पहुंच जाया करते थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

देहरादून में भाजपा नेता नरेंद्र स्वरूप मित्तल अटल जी के करीबी मित्र थे। उनके साथ उन्होंने जिंदगी के कई यादगार पल बिताए। अपने छह साल के प्रधानमंत्री कार्यकाल (1998 से 2004) के दौरान ही नहीं, बल्कि उससे पहले और बाद में भी वे इन दोनों शहरों में अक्सर आते रहे।

ये भी पढ़ें:दिल्ली में 'अटल कैंटीन' का तोहफा, अब मात्र 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

नीले रंग के स्कूटर से सवारी और ब्रीफकेस की कहानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, अटल जी देहरादून और मसूरी में आम लोगों की तरह स्कूटर से घूमते थे। अपने करीबी मित्र नरेंद्र स्वरूप मित्तल के साथ वे 1964 मॉडल के स्कूटर पर शहर की गलियों में निकल पड़ते थे। दोनों साथ में देहरादून और मसूरी की सैर करते और लंबा वक्त बिताते थे। उस दौर में अटल जी ट्रेन से देहरादून आया करते थे। उनके पास एक छोटा सा ब्रीफकेस होता था, जिसमें धोती-कुर्ता, कुछ कपड़े, रुमाल और टूथब्रश रहता था। सादगी उनकी पहचान थी।

Atal Bihari Vajpayee and bjp leader punit mittal with family

नरेंद्र स्वरूप मित्तल के बेटे और भाजपा नेता पुनीत मित्तल बताते हैं जब भी अटल जी देहरादून आते थे, तो वे उनके घर पर ही ठहरते थे। अटल जी को मैंगो शेक और मूंग की दाल बहुत पसंद थी। वे रोज़ 15 से 16 अखबार मंगवाते और उन्हें ध्यान से पढ़ते थे। पुनीत मित्तल का कहना है कि अटल जी फरवरी 1993 में उनकी शादी में भी शामिल हुए थे। अटल जी ने आखिरी बार 19 फरवरी 2007 को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दौरान देहरादून का दौरा किया था।

बीमार कार्यकर्ता से मिलने स्कूटर से पहुंचे

पुनीत मित्तल पुरानी यादें ताजा करते हुए बताते हैं कि एक बार अटल जी देहरादून आए हुए थे। उनका कार्यकर्ताओं से बेहद लगाव था। एक बार उन्हें एक कार्यकर्ता के बीमार होने की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत नीला स्कूटर उठाया और उस कार्यकर्ता से मिलने पहुंच गए।

अटल बिहारी वाजपेयी

भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री 1998 से 2004 तक रहे। वर्ष 2018 में 93 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ, लेकिन देहरादून और मसूरी की गलियों में आज भी उनकी सादगी और अपनापन लोगों की यादों में जीवित है।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।