Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Ankita bhandari murder Crowds on Streets Seeking Justice BJP Counter Attack blame on congress party
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने सड़कों पर हुजूम, काउंटर अटैक में भाजपा भी उतरी

उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने सड़कों पर हुजूम, काउंटर अटैक में भाजपा भी उतरी

संक्षेप:

Ankita Bhandari Murder: उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने सड़कों पर हुजूम है। लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए अंकिता का अपमान करने का आरोप लगाया।

Jan 05, 2026 03:53 pm ISTGaurav Kala देहरादून
share Share
Follow Us on

Ankita Bhandari Murder: अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच और वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग को लेकर उत्तराखंड में उग्र प्रदर्शन जारी है। विभिन्न संगठनों, राजनैतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने रविवार को सीएम आवास कूच किया। इस दौरान कई बार लोगों की पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्का मुक्की भी हुई। दूसरी तरफ काउंटर अटैक में भाजपा भी सड़क पर उतर आई है। कांग्रेस पार्टी पर अंकिता भंडारी प्रकरण में बेवजह की राजनीति का आरोप लगाया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपे। साथ ही वीआईपी का नाम उजागर कर उसे सख्त सजा दिलाई जाए। लोगों ने बढ़ती महिला हिंसा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये आंदोलन पहले दिन से जनता ने ही लड़ा था। जनता के लड़ने की वजह से ही तीन लोग सलाखों के पीछे गए थे। अब चक्का जाम की जरूरत पड़ी तो पीछे नहीं हटना है।

ये भी पढ़ें:दुष्यंत गौतम पर आरोप साबित तो जल समाधि, अंकिता भंडारी हत्याकांड पर रविदास अखाड़ा
ये भी पढ़ें:एक्स्ट्रा सर्विस का दबाव डाला, अंकिता भंडारी केस में VVIP पर पुलिस भी सामने आई

पुलिस से नोंक-झोंक

रविवार को जब प्रदर्शनकारी सीएम आवास की ओर आगे बढ़े। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर आक्रोशित लोगों को आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान लोगों की पुलिस से धक्का मुक्की हुई। कई लोग बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद विभिन्न संगठनों की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।

अंकिता मर्डर केस

प्रवासियों का नई दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार को प्रवासी उत्तराखंडियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। विभिन्न संगठनों और विपक्षी दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर दोषियों और वीआईपी को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप और हरिपाल रावत सहित अन्य वक्ताओं ने दोटूक चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में सीबीआई को नहीं सौंपी गई, तो दिल्ली में भाजपा मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।

अंकिता का अपमान बंद करे कांग्रेस: भाजपा

दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी पर अंकिता भंडारी प्रकरण में बेवजह की राजनीति का आरोप लगाते हुए रविवार को लैंसडौन चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के आह्वान पर महानगर कार्यालय में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में लैंसडौन चौक तक गए और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का पुतला फूंका।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में राज्य सरकार ने प्रारंभ से ही गंभीरता दिखाते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है तथा मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच निरंतर जारी है।

कांग्रेस को सिर्फ राजनीतिक लाभ की चिंता

भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी तथ्यों को नजरअंदाज कर केवल राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से जनता के बीच भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है, जो अत्यंत निंदनीय है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार और जांच एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही हैं। राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में सीबीआई जांच चाहती है, तो उसे न्यायालय के माध्यम से इसकी मांग करनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष महिला सुमन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर बयानबाजी राज्य की शांत वादियों को अशांत करने का प्रयास है।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।