नगर में बाहरी व्यापारियों की लगातार बढ़ रही संख्या और इससे स्थानीय व्यापारियों को हो रहे नुकसान के प्रति व्यापार मंडल ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार को व्यापार मंडल ने बाहरी फड़ व्यापारियों के खिलाफ अभियान चलाया। साप्ताहिक बंदी के दिन बाहरी व्यापारियों के दर्जनों फड़ लगे पाए जाने पर पदाधिकारियों ने भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी।
व्यापार मंडल ने तहबाजारी के नाम पर फड़ों को बढ़ावा देने के लिए छावनी परिषद की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए बाहरी व्यापारियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी है। पर्यटन नगरी में बाहरी व्यापारियों की संख्या लगातार बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। कुकुरमुत्तों की तरह बढ़ रहे फड़ों से जहां स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं अतिक्रमण के चलते नगर में अव्यवस्था भी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय व्यापारियों के हितों के मद्देनजर नगर व्यापार मंडल गंभीर हो चली है। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के दिन व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने अध्यक्ष भगवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में सदर बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान बाहरी व्यापारियों द्वारा लगाए गए दर्जनों फड़ों पर पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। फड़ व्यापारियों को भविष्य में नगर में फड़ नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी। कहा कि भविष्य में व्यापार मंडल की अनुमति के बिना फड़ लगाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। पदाधिकारियों ने तहबाजारी के नाम पर नगर में फड़ों को बढ़ावा देने के लिए छावनी परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कहा, अपनी दुकानों के आगे फड़ लगाने की अनुमति देने वाले व्यापारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, महासचिव हर्षवर्धन पंत, कोषाध्यक्ष दीपक पंत आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।