द्वाराहाट में योग करने पहुंचे सुपर स्टार रजनीकांत
सुपर स्टार रजनीकांत पौराणिक द्वारिका नगर द्वाराहाट में शनिवार को पहुंचे। यहां पहुंचे उन्होंने योगदा आश्रम में ध्यान लगाया। संभावना जताई जा रही है कि वह अगले तीन दिन तक क्षेत्र में प्रवास में रहेंगे।...
सुपर स्टार रजनीकांत पौराणिक द्वारिका नगर द्वाराहाट में शनिवार को पहुंचे। यहां पहुंचे उन्होंने योगदा आश्रम में ध्यान लगाया। संभावना जताई जा रही है कि वह अगले तीन दिन तक क्षेत्र में प्रवास में रहेंगे। रविवार को वह पांडवखोली स्थित महावतार बाबा की गुफा में जायेंगे। फिल्म अभिनेता की एक झलक पाने को लोग बड़ी संख्या में सुबह से जुटे रहे।
शनिवार दोपहर को सिने अभिनेता रुद्रप्रयाग से करीब 1 बजे द्वाराहाट पहुंचे। कौंला गांव स्थित अपने करीबी मित्र बीएस हरि के आवास में गए। दोपहर में भोजन करने के बाद विश्राम किया। करीब 5:10 बजे वह आवास से बाहर आए। प्रशसंकों को देख वह खुश हो गए। उन्होंने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। लेकिन किसी से मिले नहीं और ना ही किसी से कुछ बोले। हल्की से मुस्कान देने के बाद गाड़ी में बैठ योगदा आश्रम पहुंच गए। यहां पर उन्होंने स्वामी वासुदेवानंद से मुलाकात की। स्वामी ने उनको एक पुस्तक भी भेंट की। करीब एक घंटे तक फिल्म अभिनेता ने आश्रम में योग-ध्यान लगाया। गाड़ी से अभिवादन करने के बाद अपने मित्र के आवास में चले गए। योगदा आश्रम के स्वामी वासुदेवानंद के मुताबिक फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने आश्रम में पहुंच करीब एक घंटे तक योग किया। उनसे देश- विदेश एवं पहाड़ के काफी मुद्दों पर बात हुई। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक रजनीकांत यहां पर रहेंगे। रविवार को वह पांडवखोली स्थित आध्यात्मिक गुफा में जाएंगे। इससे पहले भी रजनीकांत योगदा आश्रम में आ चुके हैं।