ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड अल्मोड़ारेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर, गर्भवती महिलाएं परेशान

रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर, गर्भवती महिलाएं परेशान

बुधवार को महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए। इस कारण दन्या, सोमेश्वर, हवालबाग सहित जिले के विभिन्न स्थानों से अस्पताल में पहुंची महिलाओं को बैरंग ही घरों को लौटना पड़ा।...

रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर, गर्भवती महिलाएं परेशान
हिन्दुस्तान टीम,अल्मोड़ाWed, 30 May 2018 05:41 PM
ऐप पर पढ़ें

महिला अस्पताल में बुधवार को गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए। इस कारण दन्या, सोमेश्वर, हवालबाग सहित जिले के विभिन्न स्थानों से अस्पताल पहुंची महिलाओं को बैरंग ही घरों को लौटना पड़ा। कुछ महिलाओं को निजी अस्पतालों में भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पाई। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बेस अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निखिल एक माह के अवकाश पर गए हैं। जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट सोमवार से छह दिन तक अवकाश पर रहेंगी। जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट ही सप्ताह में एक दिन बुधवार को महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करती हैं। बुधवार को यहां करीब 50 से 100 महिलाएं अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश में रहने से अल्ट्रासाउंड कमरे पर ताला लगा रहा। सुबह से ही जिले के विभिन्न स्थानों से अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं गर्भवती महिलाओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। कई महिलाएं शहर के एक दो निजी अस्पतालों में भी अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं। वहां भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पाई। इस कारण महिलाओं को बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही निराश होकर घरों को लौटना पड़ा। इससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुबह 11 बजे अस्पताल में पहुंच गई थी। लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने कारण अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया। इस कारण उन्हें बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही लौटना पड़ रहा है। -कल्पना तिवारी, निवासी डोबा

दन्या से दोपहर 12 बजे अस्पताल पहुंची। लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया। -उमा देवी, निवासी दन्या।

सुबह 10 बजे ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने को पहुंच गई थी। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश में रहने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए। दो निजी अस्पतालों में भी अल्ट्रासाउंड करने गई थी। वहां भी डॉक्टर मौजूद नहीं होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया। आशा देवी, निवासी भाटगाड़ हवालबाग

अस्पताल में अल्ट्रासाउंड रूम बंद हैं। पूछने पर पता चला कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर होने की वजह से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया।- पूनम जोशी, निवासी सोमेश्वर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें